एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में तापमान में आई तीन डिग्री की गिरावट, लोगों को भीषण गर्मी से मिली थोड़ी राहत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली में तापमान में आई तीन डिग्री की गिरावट, लोगों को भीषण गर्मी से मिली थोड़ी राहत

नयी दिल्ली, छह जून दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि राष्ट्रीय राजधानी में देर शाम हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी या गरज के साथ बूंदाबांदी होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक था। बृहस्पतिवार देर रात भी राष्ट्रीय राजधानी में बारिश और धूल भरी आंधी चली, जिससे दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। सापेक्षिक आर्द्रता 39 प्रतिशत से 57 प्रतिशत के बीच रही।

राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों जैसे नजफगढ़ और नरेला में अधिकतम तापमान क्रमशः 44.4 डिग्री सेल्सियस और 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुलेटिन में कहा गया है कि आया नगर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस, रिज इलाके में 40.6 डिग्री सेल्सियस और पालम में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी येलो अलर्ट पर थी।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, धूल भरी आंधी या गरज के साथ हल्की वर्षा होने तथा 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 43 और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2024 10:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).