एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | पश्चिम एशिया के घटनाक्रम से शेयर बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवाई, सेंसेक्स 158 अंक चढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ईरान और इजरायल के बीच युद्धविराम की खबरों के बीच मुनाफावसूली का सिलसिला चलने से स्थानीय शेयर बाजार ने मंगलवार को अपना अधिकांश शुरुआती लाभ गंवा दिया और अंत में सेंसेक्स 158 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी में भी 72 अंक का लाभ रहा।

जरुरी जानकारी | पश्चिम एशिया के घटनाक्रम से शेयर बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवाई, सेंसेक्स 158 अंक चढ़ा

मुंबई, 24 जून ईरान और इजरायल के बीच युद्धविराम की खबरों के बीच मुनाफावसूली का सिलसिला चलने से स्थानीय शेयर बाजार ने मंगलवार को अपना अधिकांश शुरुआती लाभ गंवा दिया और अंत में सेंसेक्स 158 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी में भी 72 अंक का लाभ रहा।

युद्धविराम की खबरों से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतें घटने की उम्मीद में शुरुआती कारोबार में जबर्दस्त उछाल देखा गया। इस लिवाली के दौर में सेंसेक्स एक समय 1,121.37 अंक यानी 1.36 प्रतिशत उछलकर 83,018.16 अंक तक पहुंच गया था।

हालांकि, दोपहर आने तक युद्धविराम के उल्लंघन की खबरें आने से बाजार ने इस बड़ी बढ़त को काफी हद तक गंवा दिया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 158.32 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,055.11 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के सूचकांक निफ्टी का भी कारोबार उतार-चढ़ाव से भरा रहा। एक समय निफ्टी 25,317.70 अंक तक पहुंच गया था लेकिन कारोबार के अंत में यह सिर्फ 72.45 अंक यानी 0.29 प्रतिशत तेजी के साथ 25,044.35 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार का शुरुआती लाभ, युद्धविराम की घोषणा और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से प्रेरित था। लेकिन पश्चिम एशिया में नए सिरे से भू-राजनीतिक तनाव पैदा होने से यह धारणा अल्पकालिक साबित हुई।’’

नायर ने कहा, ‘‘वायदा अनुबंधों की समाप्ति का दिन होने से भी बाजार में काफी उतार-चढ़ाव का माहौल रहा। हालांकि, बाजार ने एक दायरे में रहने की प्रवृत्ति से बाहर निकलने का प्रयास किया था लेकिन लगातार वैश्विक जोखिम इसे बाधित कर रहे हैं।’’

सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

इसके उलट पावर ग्रिड, ट्रेंट, एनटीपीसी, मारुति, एचसीएल टेक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, जापान के निक्की, चीन के शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग में खासी तेजी देखी गई।

यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रहे थे।

पश्चिम एशिया में तनाव घटने की उम्मीद में वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.20 प्रतिशत घटकर 69.13 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,874.38 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआीआई) ने 5,591.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

सोमवार को बीएसई सेंसक्स 511.38 अंक गिरकर 81,896.79 अंक पर और एनएसई निफ्टी 140.50 अंक के नुकसान के साथ 24,971.90 अंक पर रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2025 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).