एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन की गिरावट थमी, सेंसेक्स 1,000 अंक उछला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 1,046 अंकों का उछाल आया। वहीं एनएसई निफ्टी फिर से 25,000 के पार पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच वित्तीय, दूरसंचार और प्रौद्योगिकी शेयरों में खरीदारी के चलते शुक्रवार को बाजार में तेजी आई।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन की गिरावट थमी, सेंसेक्स 1,000 अंक उछला

मुंबई, 20 जून स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 1,046 अंकों का उछाल आया। वहीं एनएसई निफ्टी फिर से 25,000 के पार पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच वित्तीय, दूरसंचार और प्रौद्योगिकी शेयरों में खरीदारी के चलते शुक्रवार को बाजार में तेजी आई।

कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बीच विदेश से बड़े पैमाने पर सकारात्मक रुझान और विदेशी पूंजी की लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों को समर्थन मिला।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,046.30 अंक यानी 1.29 प्रतिशत उछलकर 82,408.17 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,132.62 अंक यानी 1.39 प्रतिशत बढ़कर 82,494.49 पर पहुंच गया था।

वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 319.15 अंक यानी 1.29 प्रतिशत चढ़कर 25,112.40 पर बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''ईरान के साथ अमेरिका की बातचीत होने की उम्मीद के कारण पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और तत्काल सैन्य कार्रवाई का जोखिम कम होने से शेयर बाजार में तेजी आई। इस घटनाक्रम के कारण कच्चे तेल की कीमतों में सुधार हुआ, जिससे घरेलू बाजारों को लाभ मिला और विदेशी निवेशकों की धारण मजबूत हुई।''

उन्होंने कहा कि वित्त, वाहन और रियल्टी जैसे ब्याज दर को लेकर संवेदनशील और उपभोक्ता आधारित क्षेत्रों में खरीदारी देखी गई।

सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, नेस्ले, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, इटरनल (पूर्व में जोमैटो) और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय बढ़त हुई। दूसरी ओर एक्सिस बैंक और मारुति गिरावट के साथ बंद हुए।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़कर बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे।

दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.93 प्रतिशत गिरकर 77.33 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 934.62 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 605.97 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की लिवाली की।

बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 82.79 अंक नुकसान में रहा था जबकि एनएसई निफ्टी में 18.80 अंक की गिरावट आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 20, 2025 05:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).