जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 98 अंक और टूटा, निफ्टी भी फिसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कमजोर वैश्विक रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को आईटी एवं बैंकिंग शेयरों में जोरदार बिकवाली से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
मुंबई, 14 जुलाई कमजोर वैश्विक रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को आईटी एवं बैंकिंग शेयरों में जोरदार बिकवाली से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 98 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिरकर 53,416.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 53,861.28 अंक के उच्चस्तर और 53,163.77 अंक के निचले स्तर पर भी रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती लाभ गंवाते हुए 28 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिर गया और 15,938.65 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक को सर्वाधिक 1.74 प्रतिशत का नुकसान झेलना पड़ा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एसबीआई, टेक महिंद्रा, टीसीएस, विप्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईटीसी भी नुकसान में रहीं।
वहीं सन फार्मा, डॉ रेड्डीज लैब, मारुति सुजुकी इंडिया, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर बढ़त में रहे।
ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों को पेट्रोल-डीजल के निर्यात पर अप्रत्याशित कर लगाने के फैसले की समीक्षा की संभावना से मजबूती मिली। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.83 प्रतिशत तक चढ़ गया।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका में मुद्रास्फीति के आंकड़े उम्मीद से कहीं ऊपर रहने से कारोबारी धारणा पर असर पड़ा और भारतीय बाजारों ने अपनी बढ़त गंवा दी। निवेशकों को लग रहा है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ऊंची मुद्रास्फीति पर काबू पाने के लिए ब्याज दर में कम-से-कम 0.75 प्रतिशत की बढ़ोतरी जरूर करेगा।’’
हालांकि, उन्होंने कहा कि घरेलू स्तर पर थोक मुद्रास्फीति के जून में थोड़ा नरम होने की खबर आई लेकिन यह अब भी ऊंचे स्तर पर ही बनी हुई है। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति जून में 15.18 प्रतिशत रही है। यह लगातार 15वां महीना है जब थोक महंगाई दर दहाई अंक में बनी हुई है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘साप्ताहिक निपटान के अंतिम दिन बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहा। शुरुआती तेजी के बाद सूचकांक नीचे आ गया और उसके बाद नकारात्मक दायरे में ही बना रहा। हालांकि, अंतिम घंटे में चुनिंदा कंपनियों में लिवाली से नुकसान की कुछ भरपाई हो पाई।’’
बीएसई स्मॉलकैप 0.56 प्रतिशत नीचे आया, तो मिडकैप में 0.40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन के शंघाई कंपोजिट, हांगकांग के हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में गिरावट दर्ज की गई, जबकि जापान का निक्की लाभ के साथ बंद हुआ।
यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिका के बाजारों में गिरावट रही थी।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.97 प्रतिशत गिरकर 97.61 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारतीय बाजार से निकासी जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बुधवार को 2,839.52 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2022 06:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

