एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 261 अंक चढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 261 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 78 अंक की तेजी आई।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 261 अंक चढ़ा

मुंबई, चार जून स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 261 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 78 अंक की तेजी आई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 260.74 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 80,998.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 349.78 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 77.70 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,620.20 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में से इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) 3.32 प्रतिशत के लाभ में रही। इसके अलावा भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

दूसरी तरफ बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर नुकसान में रहे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार ने हल्के सकारात्मक रुख के साथ एक सीमित दायरे में कारोबार किया। बाजार को अमेरिका में मजबूत रोजगार के आंकड़ों और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने जैसे अनुकूल वैश्विक संकेतों का समर्थन मिला।’’

नायर ने कहा, ‘‘मध्यम और छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन बेहतर है। इसका कारण अनुमान से बेहतर आय वृद्धि और मूल्यांकन में नरमी है। निवेशकों की अब आज से शुरू हुई आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक पर नजर है। इसमें ब्याज दर में कटौती और भविष्य की वृद्धि और मुद्रास्फीति के पूर्वानुमान पर स्पष्टता की उम्मीद है।’’

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में तेज उछाल आया। जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,853.83 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत बढ़कर 65.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 636.24 अंक टूटा था जबकि एनएसई निफ्टी में 174.10 अंक की गिरावट आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2025 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).