एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक स्तर पर तनावों से उपजी चिंताओं के बीच निवेशकों के सतर्क रुख अपना लेने से मंगलवार को स्थानीय शेयर बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।

जरुरी जानकारी | निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद

मुंबई, 29 अप्रैल वैश्विक स्तर पर तनावों से उपजी चिंताओं के बीच निवेशकों के सतर्क रुख अपना लेने से मंगलवार को स्थानीय शेयर बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।

हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज जैसी प्रमुख कंपनियों में भारी खरीदारी और विदेशी संस्थागत निवेशकों के प्रवाह ने घरेलू बाजार को समर्थन देने का काम किया।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 70.01 अंक यानी 0.09 प्रतिशत चढ़कर 80,288.38 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 442.94 अंक बढ़कर 80,661.31 पर पहुंच गया था लेकिन बिकवाली के दबाव में नीचे आ गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 7.45 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,335.95 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, इटरनल (पूर्व में जोमैटो), एचसीएल टेक, इन्फोसिस, इंडसइंड बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फिनसर्व के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

इसके विपरीत, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,474.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव को लेकर उपजी भू-राजनीतिक चिंताओं के बीच सतर्कता के कारण बाजार में काफी हद तक उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हालांकि एफआईआई की ओर से निवेश जारी रहने से बाजार की धारणा को समर्थन मिला।"

हालांकि नायर ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के मिलेजुले नतीजों ने वित्त वर्ष 2025-26 के अनुमानों में गिरावट का जोखिम बढ़ा दिया है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त पर रहे जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में मामूली गिरावट रही।

यूरोप के अधिकांश बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के बाजार सोमवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.59 प्रतिशत गिरकर 64.81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 1,005.84 अंक उछलकर 80,218.37 और एनएसई निफ्टी 289.15 अंक बढ़कर 24,328.50 पर बंद हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2025 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).