देश की खबरें | पीड़ित पक्ष से अभद्रता करने पर थाना प्रभारी लाइन हाजिर

बागपत (उत्तर प्रदेश), 18 नवम्बर बागपत जिले में पीड़ित पक्ष से अभद्रता करने के आरोप में एक पुलिस थाने के प्रभारी को रविवार को लाइन हाजिर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि शनिवार शाम को उनके मोबाइल फोन पर बिनौली थाने के प्रभारी बिरजाराम के खिलाफ पीड़ित पक्ष से अभद्र व्यवहार करने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

उन्होंने कहा कि इस शिकायत की तत्काल जांच कराई गई और जांच में बिनौली के थाना प्रभारी बिरजाराम द्वारा पीड़ित पक्ष के साथ अभद्रता करने की पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी का यह व्यवहार पुलिस बल की गरिमा के प्रतिकूल है तथा पुलिस बल की छवि को धूमिल करना वाला है, लिहाजा जांच रिपोर्ट के आधार पर बिरजाराम को थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक बागपत के बिनौली थानाक्षेत्र के एक गांव में चार दिन पहले एक किशोरी स्कूल गई थी,जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन ने पड़ोस के एक युवक पर किशोरी को ले जाने का शक जताते हुए बिनौली थाने में मामला दर्ज कराया था।

सूत्रों ने बताया कि किशोरी के परिजन शनिवार को ग्राम प्रधान के साथ थाने पहुंचे और उन्होंने थाना प्रभारी से जानकारी मांगी।

उन्होंने बताया कि आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी द्वारा पीड़ित पक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया गया जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में गुस्सा था। किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)