जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 899 अंक की छलांग से 76,000 अंक के पार, निफ्टी 283 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के मिले-जुले संकेतों के बीच दिग्गज कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजार लगातार चौथे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 899 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी ने 283 अंक की छलांग लगाई।
मुंबई, 20 मार्च वैश्विक बाजारों के मिले-जुले संकेतों के बीच दिग्गज कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजार लगातार चौथे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 899 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी ने 283 अंक की छलांग लगाई।
विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती का अनुमान बरकरार रखने और दिग्गज कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी से निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली।
बीएसई का 30 शेयर पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 899.01 अंक यानी 1.19 प्रतिशत उछलकर 76,000 अंक के स्तर के ऊपर 76,348.06 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,007.2 अंक बढ़कर 76,456.25 अंक पर पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 283.05 अंक यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर एक बार फिर 23,000 अंक के स्तर के ऊपर 23,190.65 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में से भारती एयरटेल का शेयर सर्वाधिक 4.17 प्रतिशत चढ़ा। इसके साथ टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, नेस्ले, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और टाटा मोटर्स के शेयरों में भी तेजी रही।
दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘सभी क्षेत्रों में खरीदारी आने से बाजार लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। वर्ष 2025 में फेडरल रिजर्व के दो बार ब्याज दर में कटौती करने के संकेत और विदेशी निवेशकों की बिकवाली थमने की उम्मीद ने इस तेजी को समर्थन दिया।’’
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था अब भी ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखने के लिए पर्याप्त स्वस्थ दिखती है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खुदरा शोध) रवि सिंह ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व ने नीतिगत दर को 4.25-4.50 प्रतिशत के दायरे में रखने की घोषणा की। नीति निर्माताओं को इस साल दो बार दरों में कटौती की उम्मीद है। इस निर्णय का भारत में मुद्रा की चाल, पूंजी प्रवाह और बाजार की धारणा पर मिश्रित प्रभाव पड़ेगा। ’’
व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.73 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि मिडकैप में 0.61 प्रतिशत की तेजी रही।
बाजार में चौतरफा बढ़त रही और सभी क्षेत्रवार सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। दूरसंचार खंड में 1.94 प्रतिशत, प्रौद्योगिकी खंड में 1.89 प्रतिशत और तेल एवं गैस खंड में 1.56 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर सूचकांक में लगातार गिरावट ने विदेशी निवेशकों की बिकवाली की तीव्रता कम की है जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी मजबूत बनी हुई है जिससे हालिया तेजी को बढ़ावा मिला है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे। जापान का निक्की अवकाश के कारण बंद रहा।
यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजारों में बुधवार को उल्लेखनीय तेजी रही थी।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) एक दिन की राहत के बाद बुधवार को एक बार फिर बिकवाल बन गए और उन्होंने 1,096.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,140.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत बढ़कर 71.01 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
सेंसेक्स बुधवार को 147.79 अंक चढ़कर 75,449.05 अंक और निफ्टी 73.30 अंक बढ़कर 22,907.60 अंक पर रहा था।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2025 06:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

