जरुरी जानकारी | रुपया 23 पैसे टूटकर 86.78 प्रति डॉलर पर, पांच माह का निचला स्तर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. ईरान के परमाणु संयंत्रों पर अमेरिकी हमले के बाद डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे गिरकर पांच महीने के निचले स्तर 86.78 (अस्थायी) पर आ गया।
मुंबई, 23 जून ईरान के परमाणु संयंत्रों पर अमेरिकी हमले के बाद डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे गिरकर पांच महीने के निचले स्तर 86.78 (अस्थायी) पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट ने रुपये पर और दबाव डाला।
हालांकि, उन्होंने कहा कि एफआईआई की मजबूत लिवाली और देश के विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि ने रुपये का समर्थन किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 86.75 पर खुला। इसके बाद 87.67-86.85 के दायरे में कारोबार करते हुए अंत में पांच महीने के निचले स्तर 86.78 (अस्थायी) पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में शुक्रवार के बंद भाव 86.55 के मुकाबले 23 पैसे की गिरावट हुई। रुपया 13 जनवरी को डॉलर के मुकाबले 86.70 पर बंद हुआ था।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपया 86.85 पर आ गया, हालांकि बाद में तेल कीमतों में गिरावट हुई, जिससे आयातकों को अपने निकट अवधि के आयात के लिए डॉलर खरीदने का मौका मिला।''
उन्होंने कहा, ''रुपया वापस 85.82 पर आ गया, जहां भारतीय रिजर्व बैंक ने विक्रेता की भूमिका निभाई और आज के निचले स्तर से आगे रुपये की चाल को रोके रखा।''
वायदा कारोबार में वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.08 प्रतिशत बढ़कर 77.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.60 प्रतिशत बढ़कर 99.29 पर था।
भंसाली ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों के मौजूदा रुख के आधार पर रुपये की कीमत 86.50-86.90 के बीच रहने की उम्मीद है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 7,940.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2025 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

