जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों में तीन दिन से जारी तेजी थमी, सेंसेक्स 224 अंक गिरा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के पहली तिमाही के नतीजों और महत्वपूर्ण व्यापक आर्थिक आंकड़ों की घोषणा से पहले बुधवार को मुनाफावसूली का जोर रहने से स्थानीय शेयर बाजारों में तीन दिन से जारी तेजी का दौर थमा और सेंसेक्स करीब 224 अंक टूट गया।
मुंबई, 12 जुलाई टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के पहली तिमाही के नतीजों और महत्वपूर्ण व्यापक आर्थिक आंकड़ों की घोषणा से पहले बुधवार को मुनाफावसूली का जोर रहने से स्थानीय शेयर बाजारों में तीन दिन से जारी तेजी का दौर थमा और सेंसेक्स करीब 224 अंक टूट गया।
कारोबार के अंतिम घंटों में जोरदार बिकवाली से 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 223.94 अंक यानी 0.34 प्रतिशत टूटकर 65,393.90 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में सूचकांक ने 65,320.25 के निचले स्तर और 65,811.64 के ऊपरी स्तर को भी छुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 55.10 अंक यानी 0.28 प्रतिशत गिरकर 19,384.30 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में से इन्फोसिस, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पावर ग्रिड, मारुति, एचडीएफसी और टाटा स्टील में गिरावट रही।
दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, नेस्ले, टाइटन, एसबीआई और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर लाभ में रहे।
कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘बाजार ने शुरुआती कारोबार में जुझारूपन दिखाया लेकिन आखिरी घंटे तक इसमें ‘थकान’ हावी होने लगी और मुद्रास्फीति का आंकड़ा आने के पहले निवेशकों ने मुनाफावसूली करना बेहतर समझा।’’
कारोबार का समय खत्म होने के बाद खुदरा मुद्रास्फीति और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े जारी किए गए। खुदरा मुद्रास्फीति जून में बढ़कर तीन महीनों के उच्चस्तर 4.81 प्रतिशत पर पहुंच गई जबकि औद्योगिक उत्पादन मई में 5.2 प्रतिशत बढ़ा है।
शाम को टीसीएस ने पहली तिमाही के आंकड़े जारी करते हुए शुद्ध लाभ के 16.83 प्रतिशत बढ़कर 11,074 करोड़ रुपये हो जाने की जानकारी दी।
वहीं एचसीएल टेक्नोलॉजीज का एकीकृत शुद्ध लाभ अप्रैल-जून तिमाही में 11 प्रतिशत गिरकर 3,531 करोड़ रुपये रहा है।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘आईटी कंपनियों की आय में कमी की आशंका के कारण भारतीय सूचकांकों ने सीमित दायरे में कारोबार किया।’’
व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप में 0.57 प्रतिशत और मिडकैप में 0.48 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,242.44 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरकर बंद हुए।
दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार लाभ में थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 प्रतिशत चढ़कर 79.58 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
इसके पहले मंगलवार को सेंसेक्स 273.67 अंक यानी 0.42 प्रतिशत बढ़कर 65,617.84 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 83.50 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,439.40 पर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2023 06:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

