देश की खबरें | प्रधानमंत्री जून में विकास पहल से जुड़े करीब तीन दर्जन कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जून महीने में देश भर में करीब तीन दर्जन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। ये सभी जनसभाएं विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास के लिए आयोजित कार्यक्रमों के दौरान होंगी।

नयी दिल्ली, 19 मई केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जून महीने में देश भर में करीब तीन दर्जन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। ये सभी जनसभाएं विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास के लिए आयोजित कार्यक्रमों के दौरान होंगी।

भाजपा सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मोदी ने 30 मई 2019 को प्रधानमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी। भाजपा इस मौके पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है और इसे एक अभियान का स्वरूप देने की कोशिश कर रही है।

इस अभियान के 30 मई से शुरू होने की उम्मीद है और यह 30 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक रैली (पार्टी की), वरिष्ठ नेताओं की 51 जनसभाएं और जानी-मानी हस्तियों से संपर्क सहित एक लाख परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित करने की भाजपा की योजना है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी इन कार्यक्रमों से इतर विभिन्न मंत्रालयों व विभागों की विकास संबंधी परियोजनाओं से जुड़े करीब तीन दर्जन कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और इस दौरान लोगों को संबोधित भी करेंगे।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री अक्सर विभिन्न मंत्रालयों के बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करते रहे हैं और विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास के बाद लोगों को संबोधित भी करते हैं। प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को ही ओडिशा में 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं की शुरुआत की थी और राज्य की पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद उन्होंने एक सभा को संबोधित भी किया था।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ऐसे ही करीब तीन दर्जन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में सभी मंत्रालयों व विभागों को कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है, जिसमें पिछले नौ साल की उपलब्धियां और आगामी विकासात्मक पहल का उल्लेख हो।

एक सूत्र ने बताया कि प्रधानमंत्री इनमें से अधिकांश कार्यक्रमों में स्वयं मौजूद रहेंगे तथा कुछ में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़ेंगे।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\