देश की खबरें | बिहार चुनाव में राजग को हराना है महागठबंधन का प्राथमिक उद्देश्य : माकपा महासचिव एम.ए. बेबी

पटना, पांच मई मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम.ए. बेबी ने सोमवार को कहा कि महागठबंधन का प्राथमिक उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सामूहिक रूप से लड़ना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हराना है।

माकपा के नवनिर्वाचित महासचिव ने कहा कि पिछले महीने मदुरै में आयोजित पार्टी के 24वें सम्मेलन में प्रत्येक राज्य में वामपंथी, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष ताकतों की व्यापकतम एकता बनाकर भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने का स्पष्ट आह्वान किया गया था।

बेबी ने कहा, ‘‘ इस तरह का पहला परीक्षण बिहार में होगा जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।’’

माकपा महासचिव ने कहा कि महागठबंधन का प्राथमिक उद्देश्य भाजपा को हराना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ माकपा इस तथ्य का स्वागत करती है कि बिहार में महागठबंधन ने एकजुट होकर इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कदम उठाना शुरू कर दिया है। ’’

बेबी और पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक धावले की अध्यक्षता में माकपा की बिहार इकाई की बैठक में 20 मई को होने वाली अखिल भारतीय आम हड़ताल पर भी चर्चा हुई। यह हड़ताल केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आहूत है।

माकपा ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी, किसान विरोधी और कॉर्पोरेट समर्थक नीतियों के खिलाफ इस हड़ताल पर विस्तार से चर्चा की गई। इस हड़ताल को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)