विदेश की खबरें | बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

ढाका, 25 जुलाई बांग्लादेश के राष्ट्रपति एम अब्दुल हामिद ने अपनी भारतीय समकक्ष द्रौपदी मुर्मू को पदभार ग्रहण करने पर सोमवार को बधाई दी और कहा कि परस्पर हितों को आगे बढ़ाने, इस क्षेत्र में विकास, शांति एवं समद्धि की कोशिश करने के लिए वह उनके साथ काम करने को लेकर आशान्वित हैं।

उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा , ‘‘ बांग्लादेश के लोगों की ओर से और अपनी तरफ से मैं आपको भारत की 15 वी राष्ट्रपति के रूप में हार्दिक बधाई देता हूं। ’’

हामिद ने कहा, ‘‘ इस क्षेत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उम्दा प्रदर्शन करने वाले देशों में से एक --बांग्लादेश के राष्ट्रपति के तौर पर मेरे लिए आपको इस शीर्ष पद की जिम्मेदारियां लेते हुए देखना बहुत खुशी की बात है। ’’

उन्होंने कहा कि भारत-बांग्लादेश संबंध साझे इतिहास और संस्कृति, परस्पर विश्वास एवं सम्मान तथा दीर्घकालिक मित्रा एवं निरंतर सहयोग की बुनियाद पर टिके हैं।

हामिद ने कहा, ‘‘1971 में हमारे मुक्ति संग्राम के दौरान भारत की सरकार और जनता द्वारा दिया गया बहुमूल्य सहयोग हमारे संबंधों में ऐतिहासिक घटना है। आज हमारा सहयोग व्यापार, संपर्क, जल संसाधन प्रबंधन, ऊर्जा, सीमा प्रबंधन एवं सुरक्षा समेत विविध क्षेत्रों में फैला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ न केवल हमारे देशों के बीच परस्पर हित को आगे बढ़ाने बल्कि इस क्षेत्र में विकास, शांति एवं समृद्धि के लिए मैं आपके साथ काम को लेकर आशान्वित हूं। ’’

मुर्मू ने सोमवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में देश की 15 वीं राष्ट्रपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भारत के प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमण ने उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी।

उनके पूर्ववर्ती रामनाथ कोविंद ने दिसंबर में ढाका की यात्रा की थी जहां वह बांग्लादेश स्वतंत्रता के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)