देश की खबरें | राष्ट्रपति ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश सूर्यकांत को नालसा अध्यक्ष मनोनीत किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश सूर्यकांत को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया है।
नयी दिल्ली, 10 मई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश सूर्यकांत को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया है।
नालसा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में न्यायमूर्ति सूर्यकांत पूरे भारत में सभी नागरिकों, विशेषकर समाज के हाशिये पर पड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों को सुलभ एवं मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के नालसा के मिशन का नेतृत्व करेंगे।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह मनोनयन राष्ट्रपति द्वारा किया गया और विधि एवं न्याय मंत्रालय ने नौ मई को इसकी अधिसूचना प्रकाशित की।
इसमें कहा गया है कि मनोनयन 14 मई से प्रभावी होगा।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘न्यायमूर्ति बीआर गवई नालसा के पिछले कार्यकारी अध्यक्ष थे। परंपरा के अनुसार, इस पद पर उच्चतम न्यायालय के दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश आसीन होते हैं।’’
न्यायमूर्ति गवई 14 मई को 52वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। न्यायमूर्ति सूर्यकांत फिलहाल उच्चतम न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष हैं।
नालसा ने कहा कि कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में मनोनीत होने से पहले न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने न्याय तक पहुंच को और आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वह न्याय प्रणाली में कानूनी सहायता एवं संस्थागत सुधारों के प्रबल समर्थक रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)