रांची, पांच जनवरी झारखंड के देवघर स्थित एक बैंक के सुरक्षाकर्मी से मारपीट करने और उसे जबरन जेल भेजने के आरोपी थाना प्रभारी, नगर देवघर रतन कुमार सिंह को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आदेश पर बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में बताया गया है कि संथाल परगना क्षेत्र दुमका के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने पंजाब नेशनल बैंक के सुरक्षाकर्मी से मारपीट करके उसे जबरन जेल भेजने के आरोपी थाना प्रभारी, नगर देवघर रतन कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के आदेश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
थाना प्रभारी पर देवघर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सशस्त्र सुरक्षाकर्मी कैलाश यादव के साथ मारपीट करने, मोबाइल तोड़ने एवं सुरक्षाकर्मी को जेल भेजने का आरोप है।
थाना प्रभारी पर गत दो जनवरी को उक्त बैंक के सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट एवं गाली गलौज करने तथा अतिरिक्त पुलिस बल के सहयोग से उसे ले जाकर हाजत में बंद करने का आरोप है।
बयान में कहा गया है कि इस मामले में बैंक के सुरक्षाकर्मी की गिरफ्तारी अपेक्षित नहीं थी एवं पर्यवेक्षी पदाधिकारी के आदेश के बिना उसे जेल भेजना पूरी तरह अनुचित था।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस उप-महानिरीक्षक ने मामले की जांच की और थाना प्रभारी को कर्त्तव्यहीनता, लापरवाही, अनुशासनहीनता, उद्दंडता, नियम विधि विरुद्ध कार्य एवं आपराधिक कृत्य के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY