एजेंसी न्यूज

यात्रियों के पते लेने का आदेश अंतिम समय में आया, रेलवे ने प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से समाधान निकाला

अधिकारियों के पास एक ही विकल्प था कि ट्रेन में टिकट निरीक्षक यह काम करें जिसमें रेलवे कर्मियों को कोरोना वायरस के संक्रमण का जोखिम था।

यात्रियों के पते लेने का आदेश अंतिम समय में आया, रेलवे ने प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से समाधान निकाला
जमात

नयी दिल्ली, 18 मई गुजरात के साबरमती स्टेशन से 12 मई को पहली विशेष ट्रेन रवाना होने से कुछ ही घंटे पहले गृह मंत्रालय ने एक आदेश में रेलवे से यात्रियों के गंतव्य के पते समेत जानकारी एकत्रित करने को कहा जिसके बाद अहमदाबाद डिवीजन ने फौरन जोखिम रहित समाधान तलाशना शुरू कर दिया।

अधिकारियों के पास एक ही विकल्प था कि ट्रेन में टिकट निरीक्षक यह काम करें जिसमें रेलवे कर्मियों को कोरोना वायरस के संक्रमण का जोखिम था।

आईआरसीटीसी को 12 मई से शुरू होने वाली 15 विशेष ट्रेनों में ऑनलाइन बुकिंग करते समय यात्रियों के लिए एक फॉर्म बनाने को गया था, जिसे भरकर यात्रियों के लिये गंतव्य का पता बताना अनिवार्य किया गया। हालांकि, आईआरसीटीसी 13 मई से यह काम शुरू कर पाई।

लेकिन तब तक 19 मई तक की यात्राओं के लिए टिकट बुक हो चुके थे। रेलवे ने यात्रियों को सात दिन पहले टिकट बुक कराने की सुविधा प्रदान की थी।

तब अहमदाबाद डिवीजन में संभागीय वाणिज्यिक प्रबंधक कुशाग्र मित्तल सक्रिय हुए।

अधिकारियों ने बताया कि आईआईएम-बेंगलुरू से शिक्षा प्राप्त मित्तल ने यात्रियों की जानकारी एकत्रित करने का अभिनव तरीका इजाद किया, जिसमें किसी रेल कर्मी को उनके संपर्क में भी नहीं आना था।

साबरमती से 12 मई को नयी दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन रवाना होने से कुछ ही समय पहले यह काम किया गया।

मित्तल ने टिकट निरीक्षक स्टाफ और यात्रियों के बीच करीबी संपर्क की आशंका को समाप्त करने के लिए गूगल फॉर्म पोर्टल के माध्यम से एक ऑनलाइन फॉर्म बनाया जिसे सभी यात्रियों के मोबाइल फोन पर इस निर्देश के साथ भेज दिया गया कि इसे अनिवार्य रूप से डाउनलोड करके भरना होगा।

स्टेशन और ट्रेन में भी यात्रियों के फॉर्म भरने संबंधी घोषणाएं की गयीं।

अहमदाबाद डिवीजन के रेलवे प्रबंधक दीपक कुमार झा ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘उन्होंने जरूरी जानकारी हासिल करने के लिए ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया, जो पहले से उपलब्ध थी और इससे हमें बहुत मदद मिली। हमारे टीटीई अधिकारियों को यात्रियों के संपर्क में नहीं आना पड़ा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 07:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).