देश की खबरें | ओडिशा सरकार ने पुरी भगदड़ को लेकर जनता से जानकारी मुहैया कराने का अनुरोध किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को जनता से अपील की कि यदि किसी के पास पुरी के श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ की घटना के संबंध में कोई अहम जानकारी है तो वह इसे सरकार के साथ साझा करे।
भुवनेश्वर, तीन जुलाई ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को जनता से अपील की कि यदि किसी के पास पुरी के श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ की घटना के संबंध में कोई अहम जानकारी है तो वह इसे सरकार के साथ साझा करे।
इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 50 अन्य लोग घायल हो गए थे।
राज्य सरकार ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर लोगों से रविवार सुबह हुई भगदड़ से संबंधित जानकारी, वीडियो फुटेज या कोई अन्य सामग्री साझा करने का आग्रह किया ताकि घटना की उचित और पारदर्शी जांच हो सके।
योजना एवं समन्वय विभाग द्वारा जारी सार्वजनिक नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि कोई भी व्यक्ति या संगठन इस बारे में जानकारी साझा कर सकता है कि घटना कैसे हुई।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘लोगों से अपील है कि वे 20 जुलाई तक ई-मेल पर जानकारी, वीडियो फुटेज या कोई अन्य सामग्री साझा करें।’’
इसके अलावा, नोटिस में कहा गया है कि इच्छुक व्यक्ति नौ जुलाई को अपराह्न तीन बजे के बाद भुवनेश्वर में राज्य अतिथि गृह में विकास आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अनु गर्ग से मिल सकते हैं और जानकारी साझा कर सकते हैं तथा 10 जुलाई को अपराह्न तीन बजे के बाद पुरी में ‘स्पेशल सर्किट हाउस’ में भी मिल सकते हैं।
श्री गुंडिचा मंदिर के निकट भगदड़ की यह घटना रविवार को तड़के लगभग चार बजकर 20 मिनट पर उस समय हुई थी जब हजारों श्रद्धालु रथ यात्रा उत्सव के लिए मंदिर के निकट एकत्र हुए थे।
इसके कुछ घंटों बाद राज्य सरकार ने विकास आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में घटना की प्रशासनिक जांच का आदेश दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 12:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

