देश की खबरें | ओडिशा सरकार ने पुरी भगदड़ मामले की जांच में मदद के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने पुरी भगदड़ मामले की जांच 30 दिन के अंदर पूरी करने में विकास आयुक्त अनु गर्ग की मदद के लिए बुधवार को चार सदस्यीय समिति गठित की।
भुवनेश्वर, दो जुलाई ओडिशा सरकार ने पुरी भगदड़ मामले की जांच 30 दिन के अंदर पूरी करने में विकास आयुक्त अनु गर्ग की मदद के लिए बुधवार को चार सदस्यीय समिति गठित की।
गर्ग को 29 जून को रथ यात्रा उत्सव के दौरान पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ में तीन लोगों की मौत और लगभग 50 लोगों के घायल होने से संबंधित मामले की प्रशासनिक जांच करने के लिए कहा गया है।
सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, टीम में ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) के चार अधिकारियों को शामिल किया गया है।
संपदा विभाग के संयुक्त निदेशक तथा जीए एवं पीजी विभाग के अपर सचिव मानस रंजन सामल और आवास एवं शहरी विकास विभाग के अपर सचिव बिनय कुमार दाश चार सदस्यीय समूह का हिस्सा हैं।
अन्य दो सदस्य जल संसाधन विभाग की अपर सचिव रश्मि रंजन नायक और निर्माण विभाग के अपर सचिव प्रदीप कुमार साहू हैं।
आदेश में कहा गया है कि चार ओएएस अधिकारियों में से दाश और साहू फिलहाल रथ यात्रा ड्यूटी में तैनात हैं और आठ जुलाई तक पुरी में रहेंगे।
आदेश में कहा गया है, “संबंधित अधिकारी अपने नियमित कर्तव्यों के अलावा यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे। उन्हें जांच प्रक्रिया में सहयोग करने के लिए प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक लगभग दो घंटे के लिए विकास आयुक्त-सह-अतिरिक्त मुख्य सचिव, योजना एवं अभिसरण विभाग के कार्यालय में उपस्थित रहना होगा।”
रविवार को भगदड़ मचने के कुछ घंटे बाद राज्य सरकार ने गर्ग की अध्यक्षता में प्रशासनिक जांच के आदेश दिए थे और उन्हें 30 दिन में जांच पूरी करने को कहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 07:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

