देश की खबरें | दिल्ली में कोविड-19 के निरूद्ध क्षेत्रों की संख्या 421 हुई, संक्रमितों की संख्या 83,000 के पार हुई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में कोविड-19 के निरूद्ध क्षेत्रों का पुन: आकलन करने के बाद ऐसे क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 421 हो गई है।
नयी दिल्ली, 28 जून दिल्ली में कोविड-19 के निरूद्ध क्षेत्रों का पुन: आकलन करने के बाद ऐसे क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 421 हो गई है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने की बड़ी कवायद के तहत अब तक करीब 2.45 लाख लोगों की जांच की गयी है।
यह भी पढ़े | हार्ले डेविडसन बाइक के साथ नजर आए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया शरद अरविंद बोबडे, देखें तस्वीर.
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि केंद्र के निर्देशों के बाद निरूद्ध क्षेत्रों को लेकर समीक्षा की जा रही है। कुछ जिलों में समीक्षा का काम अभी पूरा नहीं हुआ है तथा ऐसे क्षेत्रों की संख्या और बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि पुन: मूल्यांकन से पहले राजधानी में निरूद्ध क्षेत्रों की संख्या 280 थी।
वहीं, अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,889 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 से प्रभावित लोगों की संख्या 83,077 तक पहुंच गई।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के रविवार के बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कारण 65 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही दिल्ली में इस घातक वायरस से अब तक 2,623 लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच, दिल्ली के सरकारी एलएनजेपी अस्पताल के एक चिकित्सक की रविवार को कोविड-19 संक्रमण के कारण एक निजी अस्पताल के आईसीयू में मौत हो गई। जिस चिकित्सक की सुबह मौत हुई, वह एनेस्थीसिया के डॉक्टर थे।
दिल्ली सरकार ने एलएनजेपी अस्पताल को केवल कोविड-19 मरीजों के इलाज वाले अस्पताल के रूप में तब्दील किया है।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आज सुबह वह जिंदगी की जंग हार गए।’’
उन्होंने बताया कि चिकित्सक की मैक्स स्मार्ट के आईसीयू में मौत हो गई, जो साकेत में कोविड-19 अस्पताल है।
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में अब तक कई स्वास्थ्यकर्मी आ चुके हैं।
सरकार द्वारा जारी कोविड-19 निरूद्ध क्षेत्रों की एक सूची के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में इस तरह के क्षेत्रों की संख्या 421 है।
उत्तरी दिल्ली में 59 निरूद्ध क्षेत्र हैं। इसके बाद दक्षिणी दिल्ली में 56, मध्य दिल्ली में 40, शाहदरा में 38, पूर्वी दिल्ली में 33, दक्षिणपूर्वी दिल्ली में 32, उत्तरपश्चिम दिल्ली में 28, पश्चिमी दिल्ली में 25, नई दिल्ली में 21 और उत्तरपूर्वी दिल्ली में नौ निरूद्ध क्षेत्र हैं।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘शनिवार रात तक हमने दिल्ली में घर-घर जाकर सर्वेक्षण में करीब दो लाख लोगों की कोविड-19 संबंधी जांच की है। निरूद्ध क्षेत्रों में भी 45 हजार लोगों की जांच की गयी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2020 12:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

