एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | स्कूलों में पिछले छह साल में 55 से 60 लाख विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है : योगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा स्कूलों में आने से बच्चे डरते थे, लोगों में उत्साह नहीं था, स्कूलों में पेड़ों की जगह झाड़ियां जमा रहती थीं लेकिन आज उन्हीं विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ती हुई दिखाई दे रही है।

देश की खबरें | स्कूलों में पिछले छह साल में 55 से 60 लाख विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है : योगी

लखनऊ, 19 जुलाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा स्कूलों में आने से बच्चे डरते थे, लोगों में उत्साह नहीं था, स्कूलों में पेड़ों की जगह झाड़ियां जमा रहती थीं लेकिन आज उन्हीं विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ती हुई दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि स्कूलों की दीवारों पर बच्चों की रचनात्मक अभिव्यक्ति पेंटिंग के रूप में दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आज अभिभावक अपने बच्चे को स्कूल भेजना चाहते हैं।

यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शिक्षा सत्र 2023-24 में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल वर्दी, स्वेटर, स्कूल बैग, जूता-मोजा एवं स्टेशनरी की खरीद के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपए की धनराशि उनके माता-पिता के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जारी करते हुए कहीं।

एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विगत छह वर्षों में 55 से 60 लाख अतिरिक्त बच्चे बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में आए हैं। आज बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या एक करोड़ 91 लाख को पार कर चुकी है। जब इस संख्या को देखता हूं तो सोचता हूं कि कई देशों की आबादी इतनी नहीं है। विगत छह वर्षों में उत्तर प्रदेश में समग्र विकास की भावना को साकार करते हुए क्रांतिकारी परिवर्तन लाने का प्रयास किया गया है।’’

उन्होंने नीति आयोग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को गरीबी से मुक्त करने के जिस लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की गई है, वह बड़ी उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश में जो लोग गरीबी से मुक्त हुए हैं वो सक्षम हुए हैं। नीति आयोग ने जो पैरामीटर तय किए थे, उसमें सबसे पहला पैरामीटर शिक्षा ही था।

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं और आने वाले 5-10 साल में इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे। इसके लिए उन सभी शिक्षकों व गुरुजनों का आभार है जिन्होंने आगे आकर इसे नेतृत्व दिया, आज उसके परिणाम सबको देखने को मिल रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में खासतौर पर आकांक्षात्मक जिलों में काफी परिवर्तन देखने को मिला है। इसके लिए वे सभी विभाग जिन्होंने इसे मिशन बनाकर अपना योगदान दिया है वो धन्यवाद के पात्र हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘2017 के पहले की स्थिति क्या थी, शिक्षकों की भारी कमी थी। मुझे आश्चर्य होता है कि कुछ लोग इस बात की चर्चा करते हैं कि पांच वर्ष से शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई। पिछले छह वर्ष में एक लाख 64 हजार शिक्षकों की भर्ती बेसिक और माध्यमिक शिक्षा परिषद में हुई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2023 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).