Gujarat: सूरत में छह मंजिला इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वालों की संख्या सात हुई
गुजरात के सूरत में शनिवार दोपहर छह मंजिला आवासीय इमारत ढह जाने के बाद मलबे से रात में छह और शव बरामद किए गए जिससे इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है.
सूरत, 7 जुलाई : गुजरात के सूरत में शनिवार दोपहर छह मंजिला आवासीय इमारत ढह जाने के बाद मलबे से रात में छह और शव बरामद किए गए जिससे इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि पाल इलाके में स्थित छह मंजिला इमारत शनिवार दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर ढह गई थी. एक अधिकारी ने पहले बताया था कि इमारत ढहने के तुरंत बाद एक महिला को बचा लिया गया था, जबकि एक शव शनिवार रात को निकाला गया.
पुलिस के अनुसार बचाव दल ने रात में मलबे से छह और शव बरामद किए हैं. सचिन जीआईडीसी पुलिस थाने के निरीक्षक जिग्नेश चौधरी ने बताया कि घटनास्थल पर रातभर बचाव अभियान जारी रहा और इस दौरान और शव बरामद किए गए.घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया. यह भी पढ़ें : Amarnaath Yatra: आठ दिन में 1.59 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किये
चौधरी ने बताया कि मलबे से सुरक्षित निकाली गई महिला का अस्पताल में इलाज जारी है. उन्होंने कहा, ‘‘घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम जारी है और हमें नहीं लगता कि अंदर अब कोई और फंसा है.’’ सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने शनिवार को बताया कि इमारत का निर्माण 2016-17 में किया गया था. उन्होंने बताया कि इमारत के करीब पांच फ्लैट में लोग रहते थे, जिनमें से अधिकतर उस क्षेत्र में बने कारखानों में काम करते थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2024 08:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

