एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मंडी में बादल फटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हुई, पांच शव बरामद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या, पांच शव और मिलने के बाद बढ़कर 10 हो गई है तथा 34 लापता लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मंडी में बादल फटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हुई, पांच शव बरामद

शिमला, दो जुलाई हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या, पांच शव और मिलने के बाद बढ़कर 10 हो गई है तथा 34 लापता लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को राज्य में बादल फटने की 11 घटनाएं, अचानक बाढ़ आने की चार घटनाएं और एक बड़ा भूस्खलन हुआ। इनमें से अधिकतर घटनाएं मंडी जिले में हुईं। इन घटनाओं के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

गोहर में चार, करसोग में तीन, धरमपुर में दो और मंडी के थुनाग में एक स्थान पर बादल फटने की खबर है।

अधिकारियों ने बताया कि गोहर के सियंज में दो शव तथा थुनाग, धार जारोल और पांडीव शील क्षेत्रों में एक-एक शव बरामद किया गया। मृतकों की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है।

गोहर के बाड़ा में मंगलवार को दो और तलवारा में एक व्यक्ति की मौत हुई जबकि करसोग के पुराने बाजार में एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं जोगिंदरनगर के नेरी-कोटला में एक शव बरामद किया गया।

भारी बारिश के कारण राज्य में कुल 282 सड़कें बंद हो गईं और 1361 ट्रांसफॉर्मर तथा 639 जल योजनाएं बाधित हो गईं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान मंडी में हुआ, जहां बुधवार सुबह तक 182 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध रहीं और 633 ट्रांसफॉर्मर तथा 465 जल योजनाएं प्रभावित रहीं।

एसईओसी ने बताया कि इसके अलावा 24 मकान, 12 पशुशालाएं, एक पुल और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, 30 मवेशी मारे गए, जबकि मंडी में 316 लोगों सहित कुल 370 लोगों को बचा लिया गया है और 11 अब भी फंसे हुए हैं।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की दो-दो टीम, पुलिस और होमगार्ड के साथ जिले में खोज और बचाव अभियान में सक्रिय रूप से लगी हुई हैं।

इस बीच, राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी है। कसौली में पिछली शाम से 55 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद बग्गी में 54.8 मिलीमीटर, धरमपुर में 38.8 मिलीमीटर, मंडी में 36.8 मिलीमीटर, सराहन में 32 मिलीमीटर, सोलन में 27.4 मिलीमीटर, पंडोह में 27 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 26.2 मिलीमीटर और शिमला में 24.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार से रविवार तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए मौसम विभाग चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश.... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 01:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).