देश की खबरें | चारधाम तीर्थयात्रियों की संख्या पहली बार पहुंची 50 लाख के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित चारधामों के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या पहली बार 50 लाख के पार हो गयी है ।
देहरादून, 17 अक्टूबर उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित चारधामों के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या पहली बार 50 लाख के पार हो गयी है ।
पुलिस ने यहां बताया कि विश्वप्रसिद्ध चारधाम-बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन के लिए देश-विदेश से रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं और इस यात्रा सीजन में अब तक 50 लाख तीर्थयात्री यहां पहुंच चुके हैं ।
आंकड़ों के अनुसार, 16 अक्टूबर तक चारधाम के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 50 लाख के पार पहुंच गयी है। इसके साथ ही लगभग 5.41 लाख वाहन भी चारधाम पहुंचे हैं।
अप्रैल-मई में यात्रा आरंभ होने के बाद केदारनाथ धाम में लगभग 17.08 लाख, बदरीनाथ धाम में 15.90 लाख, गंगोत्री में 8.46 लाख, यमुनोत्री में 6.94लाख यात्री दर्शनों के लिए पहुंच चुके हैं ।
इसके अलावा, हेमकुंड साहिब में भी 1.77 लाख से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा दर्शन किये जा चुके हैं। हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं ।
पिछले साल रिकॉर्ड 47 लाख श्रद्धालु चारधाम की यात्रा के लिए पहुंचे थे ।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सुरक्षित व निर्बाध चारधाम यात्रा के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य पुलिस द्वारा प्रत्येक स्तर पर तीर्थयात्रियों की हर संभव सहायता की जा रही है।
गढ़वाल हिमालय में स्थित चारधाम हर वर्ष अक्टूबर-नवंबर में दीवाली के बाद शीतकाल में श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं और ये छह माह बाद अप्रैल-मई में दोबारा खोले जाते हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2023 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

