देश की खबरें | नूंह प्रशासन ने विहिप को 28 अगस्त को जलाभिषेक यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी

गुरुग्राम (हरियाणा), 22 अगस्त हरियाणा के नूंह में प्रशासन ने 28 अगस्त को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

नूंह जिला प्रशासन ने इस यात्रा के लिए आयोजकों द्वारा दिये गये अनुमति संबंधी आवेदन को मंगलवार शाम को खारिज कर दिया। जुलाई में नूंह में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी।

एक सप्ताह पहले ही 13 अगस्त को पलवल के पोंडरी गांव में हिंदू संगठनों की महापंचायत में नूंह के नल्हार मंदिर से विहिप की यात्रा बहाल करने का निर्णय लिया गया था।

नूंह के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया ने इस बात की पुष्टि की कि यात्रा निकालने की अनुमति संबंधी आवेदन खारिज कर दिया गया है।

इस संबंध में संपर्क किए जाने पर स्थानीय विहिप नेता देवेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें अनुमति न दिए जाने की जानकारी नहीं है और कहा कि यात्रा के लिए ‘किसी अनुमति की जरूरत नहीं है।’’

नूंह में 31 जुलाई को विहिप की यात्रा पर भीड़ ने हमला कर दिया था और इस हिंसा में दो होमगार्ड जवान समेत छह लोगों की जान चली गयी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)