देश की खबरें | पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रमुख ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नव नियुक्त प्रमुख सुनील जाखड़ ने बृहस्पतिवार को स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका।
अमृतसर, छह जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नव नियुक्त प्रमुख सुनील जाखड़ ने बृहस्पतिवार को स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका।
जाखड़ को पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा के स्थान पर पंजाब प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जाखड़ ने कहा कि वह ईश्वर का आभार व्यक्त करने और आशीर्वाद लेने आए हैं।
उन्होंने कहा, “ मैंने ईश्वर के सामने प्रार्थना की और पंजाब के मुद्दों को साहसपूर्वक उठाने की शक्ति मांगी। मैंने यहां सभी पंजाबियों के बीच भाईचारे और पंजाब के कल्याण की प्रार्थना की। मैंने बिना किसी पूर्वाग्रह के पंजाब के समग्र विकास के लिए अथक प्रयास करने का साहस मांगा।”
उनसे पूछा गया कि क्या शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा फिर से गठबंधन करेंगे तो जाखड़ ने कहा कि वह गुरु के घर में खड़े हैं और राजनीति पर बात नहीं करना चाहेंगे।
जाखड़ ने कहा, “ मैं निश्चित रूप से राजनीतिक मुद्दों पर बात करूंगा, लेकिन धार्मिक स्थल पर (स्वर्ण मंदिर में) नहीं। मैं अलग से प्रेस वार्ता करूंगा जहां मैं मीडिया के हर सवाल का जवाब दूंगा।”
इसके बाद जाखड़ ने दुर्गियाना मंदिर में दर्शन किए और बाद में दोपहर में उनका भगवान श्री वाल्मीकि राम तीरथ मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम था।
जाखड़ पहले कांग्रेस में थे। उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के कुछ महीने बाद मई 2022 में भाजपा का दामन थाम लिया था।
वह तीन बार विधायक और गुरदासपुर से सांसद भी रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2023 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

