देश की खबरें | अगले साल फरवरी तक भाजपा की झारखंड ईकाई का नया अध्यक्ष चुना जाएगा: लक्ष्मीकांत बाजपेयी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने रविवार को कहा कि अगले साल फरवरी तक नये प्रदेश अध्यक्ष का चयन होने की संभावना है।
रांची, एक दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने रविवार को कहा कि अगले साल फरवरी तक नये प्रदेश अध्यक्ष का चयन होने की संभावना है।
झारखंड की 81 विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में भाजपा के हार जाने के बाद यह घोषणा की गई है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में सात या आठ दिसंबर को भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू होगा।
बाजपेयी ने रांची में पार्टी की दो दिवसीय चुनाव समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस सदस्यता अभियान के माध्यम से हम हर व्यक्ति के पास जाएंगे और एक ऐसा संगठन बनाएंगे जो सबको सुरक्षा प्रदान करेगा। ऐसी पूरी संभावना है कि अगले साल फरवरी तक भाजपा की झारखंड ईकाई का नया अध्यक्ष चुन लिया जाएगा।’’
वर्तमान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हैं।
बाजपेयी ने कहा कि दो दिवसीय बैठक के दौरान जो भी प्रतिक्रियाएं मिली हैं, उन्हें लिख लिया गया है और यहां संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी की भविष्य की योजनाओं में इन सुझावों को ध्यान में रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा के सदस्यता अभियान के लिए सांसद डी. पुरंदेश्वरी को नियुक्त किया गया है।
बाजपेयी ने कहा, ‘‘वह भाजपा सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन देने के वास्ते शनिवार या रविवार को झारखंड में रहेंगी।’’
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि दो दिवसीय बैठक पांच सत्रों में हुई और चुनाव संचालन से लेकर प्रबंधन और परिणाम तक हर विषय पर चर्चा की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 01, 2024 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

