देश की खबरें | झारखंड के नए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने शपथ ली, कहा-राज्य के विकास के लिए काम करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी पी राधाकृष्णन ने यहां शनिवार को राजभवन में झारखंड के 11वें राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। शपथग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि वह सभी के सहयोग से झारखंड के चहुमुखी विकास के लिए काम करने की इच्छा के साथ यहां आये हैं।

रांची, 18 फरवरी तमिलनाडु से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी पी राधाकृष्णन ने यहां शनिवार को राजभवन में झारखंड के 11वें राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। शपथग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि वह सभी के सहयोग से झारखंड के चहुमुखी विकास के लिए काम करने की इच्छा के साथ यहां आये हैं।

राधाकृष्णन (65) को झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह ने यहां एक समारोह में पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए राज्यपाल ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की।

राधाकृष्णन ने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं झारखंड के राज्यपाल पद की शपथ लेकर बहुत खुश हूं। मैं राज्य की आधारभूत संरचना को विकसित करने, सिंचाई के संसाधनों के विकास, ग्रामीणों के लिए जल की व्यवस्था और लोगों के लिए घर की व्यवस्था की परिकल्पना लेकर यहां आया हूं।''

उन्होंने कहा, ''अंतिम लक्ष्य राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है...आप सभी के सहयोग से हम सभी मिलकर झारखंड के चहुंमुखी विकास के लिए काम करेंगे।...गरीबी उन्मूलन का एकमात्र उपाय विकास है।’’

राजभवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, राज्य के सांसद और विधायक उपस्थित थे।

कोयंबटूर से दो बार लोकसभा सदस्य रह चुके, राधाकृष्णन ने रमैश बैस की जगह ली, जो जुलाई 2021 से झारखंड के राज्यपाल थे।

मुख्यमंत्री सोरेन ने एक ट्वीट में नये राज्यपाल को बधाई देते हुए कहा, ‘‘झारखंड के माननीय राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के लिए सीपी राधाकृष्णन जी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। पूरा विश्वास है राज्य के सर्वांगीण विकास में आपका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा।’’

शपथ ग्रहण के बाद राधाकृष्णन ने खूंटी जिले में उलिहातू गांव का दौरा किया, जो स्वंतत्रा सेनानी बिरसा मुंडा का जन्म स्थान है। यहां उन्होंने बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की।

इससे पूर्व शुक्रवार शाम को विमान से राधाकृष्णन सपत्नीक रांची पहुंचे । रांची हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री के अलावा मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

राधाकृष्णन के साथ उनके अनेक परिजन एवं तमिलनाडु भाजपा के सौ से अधिक नेता एवं मित्रगण भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने यहां पहुंचे।

वहीं, शुक्रवार दोपहर को राज्य के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस को मुख्यमंत्री और उनके अधिकारियों ने रांची हवाई अड्डे पर भावभीनी विदाई दी। वह महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने शनिवार को राज्यपाल के तौर पर पदभार ग्रहण किया।

इंदु

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now