देश की खबरें | भाजपा एवं जदयू का नापाक गठबंधन तो टूटना ही था: गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन को 'नापाक' बताते हुए मंगलवार को कहा कि यह (गठबंधन) तो टूटना ही था। इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि बेरोजगारी एवं महंगाई के चलते देश में हालात बहुत गंभीर हैं।
जयपुर, नौ अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन को 'नापाक' बताते हुए मंगलवार को कहा कि यह (गठबंधन) तो टूटना ही था। इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि बेरोजगारी एवं महंगाई के चलते देश में हालात बहुत गंभीर हैं।
गहलोत ने मंगलवार को उदयपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ लोकतंत्र का गला घोट कर बिहार में सरकार बनाने के लिए बने इस नापाक गठबंधन का टूटना तय था। वह टूट गया।’’
उल्लेखनीय है कि जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार ने मंगलवार को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। कुमार ने कहा कि राजग से संबंध समाप्त करने का निर्णय उनकी पार्टी जद (यू) ने किया है।
गहलोत ने इसके साथ ही अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,‘‘ लोकतंत्र का गला घोट कर बिहार में सरकार बनाने के लिए बने इस नापाक गठबंधन का टूटना तय था। वह टूट गया। इन (भाजपा) की तानाशाही प्रवृत्ति से गोवा, मणिपुर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और अब महाराष्ट्र में लोकतंत्र की हत्या हुई है। ये लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं, लोकतंत्र के हत्यारे है, संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। देश इनको माफ नही करेगा।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महंगाई एवं बेरोजगारी को लेकर अभियान शुरू कर दिया है, उसी को लेकर ये (भाजपा वाले) लोग रक्षात्मक मुद्रा में आ गए हैं। उन्होंने कहा,‘‘हमने ब्लॉक, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर यह आंदोलन शुरू किया है। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 28 तारीख को रैली हो रही है। महंगाई की मार ऐसी है कि रसोई चलाना मुश्किल हो गया। ।’’
गहलोत ने भाजपा से सवाल किया,,‘‘कब तक आप धर्म के नाम पर लोगों को बरगलायेंगे। इसकी एक सीमा होती है। पेट अंतत: रोटी मांगता है, रोटी नहीं मिल रही है। देश में हालात बड़े गंभीर हैं।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एवं उनकी सरकार पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाए रखेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ हम इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री पर लगातार दबाव बनाए रखेंगे।’’
गहलोत मंगलवार को मानगढ़ धाम (बांसवाड़ा) में विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित समारोह में शामिल हुए जहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान राजस्थान के पार्टी मामलों के प्रभारी कांग्रेस महासचिव अजय माकन और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा साथ रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2022 07:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

