देश की खबरें | हमारे देश का नाम भारत है, इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए: केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को कहा कि ‘हमारे देश का नाम भारत है और इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए’।

नयी दिल्ली, पांच सितंबर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को कहा कि ‘हमारे देश का नाम भारत है और इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए’।

मंत्री की टिप्पणी विपक्षी दलों के इस आरोप की पृष्ठभूमि में आई है कि सरकार देश का नाम केवल ‘भारत’ करने और ‘इंडिया’ नाम हटाने की योजना बना रही है। जी-20 रात्रिभोज के निमंत्रण में राष्ट्रपति को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ कहकर संबोधित किया गया है और यह निमंत्रण सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है।

चंद्रशेखर ने यहां संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हमारा देश भारत है और इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।’’

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आता है कि ‘इंडिया’ की बजाय भारत लिखने से क्या हो जाएगा।

कांग्रेस के इस आरोप का जवाब देते हुए कि सरकार संविधान से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रही है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर चीज से समस्या है।

उन्होंने दावा किया कि ‘एक दिन कांग्रेस सनातन धर्म को खत्म’ करना चाहती है और दूसरे दिन वे कुछ और कहेंगे।

चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘अगर हम भारत का नाम भारत के रूप में नहीं लेंगे, तो हम क्या नाम लेंगे?’’

यह पूछे जाने पर कि क्या देश का नाम बदलने पर संसद के आगामी सत्र में चर्चा होगी, मंत्री ने कहा, ‘‘आपको इंतजार करना होगा और देखना होगा।’’

चंद्रशेखर जी-20 डिजिटल अर्थव्यवस्था कार्य समूह (डीईडब्ल्यूजी) के नतीजों के बारे में जानकारी देने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now