नयी दिल्ली, 27 फरवरी विदेश मंत्रालय ने कैलिफोर्निया में सड़क दुर्घटना के बाद जीवन के लिए संघर्ष कर रही एक भारतीय छात्रा के परिवार के तत्काल वीजा के अनुरोध के मामले को अमेरिका के समक्ष उठाया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र के सतारा की नीलम शिंदे 14 फरवरी को हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से अस्पताल में कोमा में हैं। शिंदे के सिर, हाथ और छाती में गंभीर चोटें आईं हैं।
छात्रा के परिवार ने उसके पास रहकर देखभाल करने के लिए अमेरिका जाने के वास्ते तत्काल वीजा दिए जाने की मांग की है।
सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने इस मामले को अमेरिका के समक्ष उठाया है और अमेरिकी पक्ष छात्रा के परिवार को जल्दी वीजा देने की औपचारिकताओं पर विचार कर रहा है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बुधवार को इस मामले को उठाया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘छात्रा नीलम शिंदे अमेरिका में दुर्घटना में घायल हो गई हैं और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
सुले ने कहा, ‘‘उनके पिता तानाजी शिंदे, सतारा, महाराष्ट्र से हैं, चिकित्सकीय आपातकाल स्थिति के कारण उन्हें अपनी बेटी से मिलने की तत्काल आवश्यकता है। तानाजी शिंदे ने अमेरिका जाने के लिए तत्काल वीजा के वास्ते आवेदन किया है और उन्हें सहायता की आवश्यकता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY