देश की खबरें | मणिपुर सरकार ने जनता से शांति बनाये रखने और गलत सूचनाओं, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया

इम्फाल, 11 फरवरी मणिपुर सरकार ने नागरिकों से शांति बनाये रखने और अपुष्ट समाचारों, अफवाहों या गलत सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने का मंगलवार को आग्रह किया।

सरकार ने कहा कि अफवाहों या गलत सूचनाओं से लोगों में दहशत फैल सकती है या राज्य में शांति और सद्भाव का माहौल खराब हो सकता है।

मुख्य सचिव पी. के. सिंह द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व और समूह जानबूझकर गलत सूचना, भड़काऊ सामग्री या मनगढ़ंत विमर्श का इस्तेमाल करके अशांति भड़काने, सद्भाव को बाधित करने और जनता में भय फैलाने का प्रयास कर सकते हैं।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘इस तरह के कृत्यों का मकसद अराजकता पैदा करना है और जनता को सलाह दी जाती है कि वे इस तरह की गलत सूचना या उकसावे पर ध्यान न दें।’’

विज्ञप्ति में कहा गया है कि लोगों को सही जानकारी मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जहां नागरिक किसी भी समाचार या सूचना की पुष्टि कर सकते हैं।

इसमें कहा गया है, ‘‘शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सरकार सभी निवासियों को अशांति पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सतर्क रहने की सलाह देती है। हिंसा भड़काने या सद्भाव को बाधित करने के किसी भी प्रयास से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)