देश की खबरें | थाना दादरी के युवक का पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार, अज्ञात हमलावरों ने की थी हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. थाना दादरी क्षेत्र के गांव चक्रसेनपुर निवासी अमित भाटी नामक युवक का बृहस्पतिवार सुबह भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। अमित भाटी की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
नोएडा, 12 अगस्त थाना दादरी क्षेत्र के गांव चक्रसेनपुर निवासी अमित भाटी नामक युवक का बृहस्पतिवार सुबह भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। अमित भाटी की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अभिषेक ने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र के गांव चक्रसेनपुर निवासी अमित (30) के ऊपर बुधवार शाम बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली चलायी थी। उन्होंने बताया कि अमित के सिर में तीन गोलियां लगी थीं और उसे गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अमित गांव में रहकर ही खेती करता था और अविवाहित था। बताया जाता है कि 6 माह पूर्व भी अमित के ऊपर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें वह बच गया था।
उन्होंने बताया कि अमित के बड़े भाई राका उर्फ अशोक की 2 अप्रैल 2013 में जनपद हापुड़ की कचहरी में पेशी के दौरान पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि राका कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी गिरोह का सक्रिय सदस्य था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में जनपद हापुड़ पुलिस ने रणवीर और कृष्ण को गिरफ्तार किया था जिन्होंने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि राका ने अपने साथियो के साथ मिलकर कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी गिरोह के कुख्यात बदमाश नंदू उर्फ रावण की बिजनौर में पुलिस हिरासत में हत्या कर दी थी। पुलिस उपायुक्त के अनुसार उन्होंने बताया था उक्त हत्या गैंगस्टर सुंदर भाटी ने करवाई थी और इसी हत्या का बदला लेने के लिए रणदीप भाटी गिरोह ने अशोक भाटी उर्फ राका की हापुड़ में हत्या करवाई थी।
अमित भाटी की हत्या मामले में उसके मौसेरे भाई ने सतीश, मनोज, चरण, अनुज, नरेश सहित 8 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वारदात की वजह पुरानी रंजिश है। इस घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने गांव में तोड़फोड़ की तथा एक आरोपी के घर में आग लगा दी। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अमित के ऊपर भी कई मामले दर्ज हैं। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।
वहीं मृतक अमित के चचेरे भाई रोहित भाटी ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि 6 माह पूर्व जब उसके भाई अमित पर जानलेवा हमला हुआ था, तो उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों कई कई बार गुहार लगाई लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)