एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारतीय नौसेना ने चालक दल के 14 भारतीय सदस्यों वाले जहाज पर लगी आग पर काबू पाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय नौसेना ने उत्तरी अरब सागर में पलाऊ के ध्वज वाले एक टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया तथा जहाज में सवार चालक दल के 14 भारतीय सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

देश की खबरें | भारतीय नौसेना ने चालक दल के 14 भारतीय सदस्यों वाले जहाज पर लगी आग पर काबू पाया

नयी दिल्ली, एक जुलाई भारतीय नौसेना ने उत्तरी अरब सागर में पलाऊ के ध्वज वाले एक टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया तथा जहाज में सवार चालक दल के 14 भारतीय सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

रविवार को जहाज से संकट की सूचना मिलने के बाद नौसेना ने तुरंत कार्रवाई की और अग्निशमन अभियान शुरू किया।

संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह से लगभग 80 समुद्री मील पूर्व में जहाज के इंजन कक्ष में भीषण आग लग गई थी।

भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय नौसेना ने 29 जून को उत्तरी अरब सागर में पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर एमटी यी चेंग 6 पर उच्च जोखिम वाला अग्निशमन और बचाव अभियान चलाया, जिससे स्थिति को सफलतापूर्वक स्थिर किया जा सका और भारतीय चालक दल के 14 सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।’’

नौसेना ने संकटग्रस्त जहाज की मदद के लिए अपने युद्धपोत आईएनएस तबर को भेजा था।

नौसेना ने बयान में कहा, ‘‘त्वरित कार्रवाई करते हुए आईएनएस तबर सहायता प्रदान करने के लिए अधिकतम गति से आगे बढ़ा।’’ उसने बताया कि चालक दल के सात सदस्यों को जहाज की नौकाओं का इस्तेमाल करते हुए तुरंत आईएनएस तबर पर लाया गया।

इसमें कहा गया है, ‘‘किसी को चोटें नहीं आयी हैं और तबर के चिकित्सा दल ने चालक दल के सभी सदस्यों की जांच की है। मास्टर समेत चालक दल के बाकी के सदस्य आग बुझाने में मदद करने के लिए जहाज पर ही सवार हैं।’’

आग पर काबू पाने के लिए आईएनएस तबर के छह सदस्यीय अग्निशमन दल को तैनात किया गया।

नौसेना ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना कर्मियों और जहाज के चालक दल के शुरुआती अग्निशमन प्रयासों के परिणामस्वरूप आग की तीव्रता में काफी कमी आई और धुआं इंजन कक्ष तक ही सीमित रहा।’’

उसने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना के अग्निशमन दल और चालक दल के सदस्यों के निरंतर प्रयासों से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है।’’

नौसेना ने कहा कि आईएनएस तबर निरंतर सहायता के लिए पोत के आसपास तैनात है।

उसने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना कर्मियों के बहादुरी भरे प्रयास ने सभी भारतीय चालक दल के सदस्यों के साथ पोत की सुरक्षा सुनिश्चित की है। यह घटना एक बार फिर भारतीय नौसेना की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, परिचालन तैयारियों, समुद्री सुरक्षा के लिए मानवीय दृष्टिकोण को उजागर करती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 03:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).