भोपाल, 10 जुलाई पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान सामने आई हिसंक घटनाओं पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की निगरानी में हो रही घटनाएं भयावह और अक्षम्य हैं।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोमवार सुबह ट्वीट किया, ‘‘ बंगाल में पंचायत चुनाव में जो हो रहा है वह भयावह है। मैं ममता के धैर्य और दृढ़ संकल्प का प्रशंसक रहा हूं लेकिन जो हो रहा है वह अक्षम्य है। हम जानते हैं कि आपने माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) शासन में इसी तरह की स्थिति का बहादुरी से सामना किया था लेकिन अब जो हो रहा है वह हमारे लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।’’
राज्यसभा सदस्य सिंह की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए विपक्ष एकजुट होने की कोशिश कर रहा है।
कांग्रेस और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की 23 जून को पटना में बैठक हुई थी। उस बैठक में बनर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य दलों के नेता शामिल हुए थे।
पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को 61,000 से अधिक बूथों पर मतदान हुआ। कई स्थानों पर मतपेटियों को लूटने, आग लगाने और तालाब में फेंकने की घटना सामने आई और राज्य में बड़े पैमाने पर हिंसक घटनाएं हुईं।
पश्चिम बंगाल में 19 जिलों के 696 बूथों पर सोमवार को दोबारा मतदान कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि हिंसा और मतपेटियों और मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद पुनर्मतदान के फैसले की घोषणा की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY