एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गृह मंत्री को राजधर्म का पालन और अपनी नाकामी स्वीकार करनी चाहिए: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्हें राजधर्म के सिद्धांत का पालन करने के साथ पहलगाम हमले की नाकामी स्वीकार करनी चाहिए।

देश की खबरें | गृह मंत्री को राजधर्म का पालन और अपनी नाकामी स्वीकार करनी चाहिए: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 29 जुलाई कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्हें राजधर्म के सिद्धांत का पालन करने के साथ पहलगाम हमले की नाकामी स्वीकार करनी चाहिए।

लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने सदन में गृह मंत्री शाह के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के कारण पहलगाम आतंकी हमला नहीं हुआ, बल्कि वर्तमान सरकार की विफलता के कारण हुआ।

गोगोई ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गृह मंत्री ने करीब डेढ़ घंटे के भाषण में पहलगाम हमले में मारे गए लोगों की पत्नियों से अपने विभाग की विफलता और खुफिया विफलता के लिए एक बार भी माफी नहीं मांगी।

उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्वीकार किया है कि सुरक्षा चूक हुई, लेकिन शाह ने इसे स्वीकार करने की हिम्मत भी नहीं की।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी जी, राजीव गांधी जी और मनमोहन सिंह जी के बारे में बात की। माफ करिये, नेहरू के कारण पहलगाम नहीं हुआ। संप्रग सरकार और मनमोहन सिंह के कारण पहलगाम नहीं हुआ। सोनिया जी और राहुल जी के कारण पहलगाम नहीं हुआ। पहलगाम हुआ क्योंकि आप विफल हुए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज आप को राजधर्म के सिद्धांत का पालन करना चाहिए था। आज आप यह कहने का नैतिक साहस भी नहीं जुटा सके कि यह एक विफलता थी और पहलगाम में मारे गए लोगों की पत्नियों से माफी मांगें और अपनी नैतिक जिम्मेदारी लें।’’

गोगोई ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री भारतीय सशस्त्र बलों के पराक्रम के पीछे अपनी नाकामी छिपाना चाहते हैं।

उनका कहना था, ‘‘उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।’’

कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री द्वारा उनके पाकिस्तान दौरे को लेकर कटाक्ष किए जाने पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी बिरयानी खाने के लिए जब पाकिस्तान गए थे, उससे पहले मैं गया था। शायद अमित शाह ही यह बता सकते हैं कि बीसीसीआई भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच पर जोर क्यों दे रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2025 02:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).