एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंजाब के राज्यपाल ने विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया राज्य और केंद्र-शासित प्रदेश में विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार से नयी दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

देश की खबरें | पंजाब के राज्यपाल ने विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की

चंडीगढ़, 18 जुलाई पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया राज्य और केंद्र-शासित प्रदेश में विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार से नयी दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

बयान के मुताबिक, शुक्रवार को कटारिया ने केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इससे पहले, उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के साथ हवाई अड्डों की कनेक्टिविटी में सुधार पर चर्चा की थी।

बयान के अनुसार, मनोहर लाल से मुलाकात में राज्यपाल ने चंडीगढ़ परिवहन उपक्रम के पुराने बेड़े को बदलने के लिए प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत चंडीगढ़ के लिए 328 इलेक्ट्रिक बसों को शीघ्र मंजूरी देने की मांग की, जिनमें से अधिकांश 2025 और 2027 के बीच अपने परिचालन जीवन के अंत तक पहुंच जाएंगी।

बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने अक्टूबर 2023 में पहले से स्वीकृत 100 इलेक्ट्रिक बसों के लिए स्वीकृति पत्र शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए नवंबर 2025 से पहले उनकी आपूर्ति की आवश्यकता पर बल दिया।

इसमें कहा गया है कि कटारिया ने भरोसा दिलाया कि मंत्रालय के हरित गतिशीलता प्रयासों के समर्थन में पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाओं (आरवीएसएफ) के माध्यम से आवश्यक वाहन स्क्रैपिंग प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

बयान के मुताबिक, वैष्णव के साथ अपनी बैठक में कटारिया ने नांदेड़ में तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब और पंजाब-चंडीगढ़ के साथ-साथ उदयपुर और चंडीगढ़ के बीच रेल संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि तीर्थयात्रियों और नियमित यात्रियों को लाभ मिल सके।

इसमें कहा गया है कि शेखावत के साथ बैठक में उन्होंने (कटारिया) चंडीगढ़ की विरासत और बढ़ती पर्यटक संख्या के अनुरूप पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने सांस्कृतिक और धार्मिक केंद्रों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

बयान के अनुसार, कटारिया ने पंजाब और चंडीगढ़ के लिए पर्यावरणीय प्राथमिकताओं और सतत विकास पर विचार-विमर्श करने के वास्ते यादव से भी मुलाकात की।

इसमें कहा गया है कि बृहस्पतिवार को कटारिया ने नागरिक उड्डयन मंत्री से शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क को बढ़ावा देने का आग्रह किया था, जो पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए एक प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में काम करता है।

बयान में कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि मंत्रालय सक्रिय रूप से संभावनाओं का पता लगाएगा और हवाई अड्डे पर कनेक्टिविटी में सुधार और यात्री सुविधाओं को उन्नत करने के लिए विमानन कंपनियों तथा हवाई अड्डा संचालकों सहित सभी हितधारकों के साथ काम करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 09:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).