देश की खबरें | संभल के दीपा सराय में पुलिस चौकी की नींव रखी गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संभल जिले के नखासा क्षेत्र स्थित दीपा सराय में नई पुलिस चौकी की नींव मंगलवार को पारंपरिक भूमि पूजन समारोह के साथ रखी गई। पहली ईंट रखने का सम्मान एक छोटी बच्ची को दिया गया।
संभल (उप्र), चार मार्च संभल जिले के नखासा क्षेत्र स्थित दीपा सराय में नई पुलिस चौकी की नींव मंगलवार को पारंपरिक भूमि पूजन समारोह के साथ रखी गई। पहली ईंट रखने का सम्मान एक छोटी बच्ची को दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीश चंद्र ने इस अवसर पर कहा, ''दीपा सराय में पुलिस चौकी के लिए आज नींव रखी गई जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया है। चौकी का निर्माण तेजी से किया जाएगा जिससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी।''
भूमि पूजन की पहली ईंट रखने के लिये इनाया नामक बच्ची को चुने जाने के बारे में एएसपी ने कहा, ''हम महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का एक मजबूत संदेश देना चाहते थे इसलिए एक छोटी बच्ची को पहली ईंट रखने के लिए चुना गया जो सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है। इस पहल में उनके सहयोग के लिए स्थानीय निवासी भी प्रशंसा के पात्र हैं। जल्द ही चौकी बनकर तैयार हो जाएगी, जिससे अपराध के खिलाफ निगरानी मजबूत होगी।''
चंद्र ने बताया कि नई चौकी तीन मंजिला होगी जिसमें एक कंट्रोल रूम भी होगा। उन्होंने कहा, ''इससे पुलिस को अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।''
नींव की ईंट रखने वाली इनाया ने अपनी खुशी जाहिर की। उसने कहा, ''मैं नखासा में रहती हूं और मैंने नई पुलिस चौकी के लिए पहली ईंट रखी। मुझे बहुत अच्छा लगा, क्योंकि वहां बहुत से लोग मौजूद थे। मुझे 50 रुपये की दक्षिणा भी मिली।''
पिछले साल 24 नवंबर को मुगलकालीन जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान संभल के कोट गर्वी इलाके में हिंसा भड़क उठी थी। इस घटना में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई थी तथा कई अन्य घायल हो गए थे। हिंसा में शामिल कई लोग दीपा सराय इलाके के भी थे। सपा सांसद जिया-उर-रहमान बर्क का घर भी इस निर्माणाधीन पुलिस चौकी के पास है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)