देश की खबरें | बदरीनाथ के कपाट 19 नवंबर को होंगे बंद, चारधाम यात्रा का भी होगा समापन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

देहरादून (उत्तराखंड), 25 अक्टूबर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 19 नवंबर को बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही, उत्तराखंड में इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।

उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड ने बताया कि रविवार को विजयादशमी पर बदरीनाथ मंदिर में परंपरागत पूजा-पाठ के बाद पंचाग गणना कर कपाट बंद करने का मुहूर्त निकाला गया, जिसके अनुसार बृहस्पतिवार 19 नवंबर को अपराह्न तीन बजकर 35 मिनट पर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

यह भी पढ़े | PM SVANidhi Scheme 2020: मोदी मंगलवार को ‘प्रधानमंत्री स्‍वनिधि योजना’ के उत्तर प्रदेश के लाभार्थियों से करेंगे संवाद.

चार धामों में से केवल बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद करने की ही तिथि निकाली जाती है और अन्य तीनों धामों की तिथि दिवाली के त्योहार से निर्धारित होती है।

गंगोत्री मंदिर के कपाट दिवाली के अगले दिन 15 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर बंद किए जाएंगे, वहीं 16 नवंबर को भाईदूज के पर्व पर केदारनाथ और यमुनोत्री मंदिर के कपाट बंद होंगे।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में युवक ने जीभ काट कर मंदिर में चढ़ा दी.

उन्नीस नवंबर को बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा ।

डॉ गौड ने बताया कि कोविड—19 के कारण इस साल एक जुलाई से शुरू हुई चारधाम यात्रा में 22 अक्टूबर तक देश भर से 1,57,063 श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर दर्शन किए, जिनमें से 1,38,807 तीर्थयात्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ पहुंचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)