जरुरी जानकारी | ब्याज दर पर रिजर्व बैंक के निर्णय, वृहद आर्थिक आंकड़ों, वैश्विक रुख से तय होगी शेयर बाजार की दिशा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ब्याज दर पर निर्णय, वृहद आर्थिक आंकड़े और वैश्विक रुझान इस सप्ताह स्थानीय शेयर बाजारों की दिशा तय करेंगे। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
नयी दिल्ली, एक जून भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के ब्याज दर पर निर्णय, वृहद आर्थिक आंकड़े और वैश्विक रुझान इस सप्ताह स्थानीय शेयर बाजारों की दिशा तय करेंगे। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
उनका कहना है कि इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की गतिविधियां और शुल्क के मोर्चे पर घटनाक्रम भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘आगे की ओर देखें, तो सभी की निगाह छह जून को भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति घोषणा पर रहेगी। इसके अलावा नए माह की शुरुआत के साथ वाहन बिक्री और आर्थिक गतिविधियों का संकेत देने वाले अन्य आंकड़े आएंगे। साथ ही सभी की निगाह मानसून की प्रगति और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के प्रवाह पर भी रहेगी।’’
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिकी बॉन्ड बाजार के रुझान और जारी व्यापार वार्ताओं से जुड़े घटनाक्रम भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे।
भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में उम्मीद से अधिक तेजी से बढ़ी है, जिससे पूरे वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत रही है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 3,900 अरब डॉलर हो गया है।
जनवरी-मार्च तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत रही है।
इस बीच, सप्ताह के दौरान आने वाले विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के लिए पीएमआई (क्रय प्रबंधक सूचकांक) आंकड़े भी बाजार के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख-संपदा प्रबंधन सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘इस सप्ताह केंद्रीय बैंक द्वारा रेपो दर में कटौती की उम्मीद के बीच ब्याज दर की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र, विशेष रूप से सरकारी बैंकों के शेयरों पर सभी की निगाह रहेगी। इसके अलावा वाहन बिक्री के मासिक आंकड़ों की वजह से भी बाजार में क्षेत्र विशेष गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।’’
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 270.07 अंक या 0.33 प्रतिशत के नुकसान में रहा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 102.45 अंक या 0.41 प्रतिशत नीचे आया।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार रेपो दर में चौथाई प्रतिशत की कटौती की उम्मीद कर रहा है। ऐसे में ब्याज दर की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर सभी की निगाह रहेगी। सकारात्मक वृहद आर्थिक आंकड़े निवेशकों का भरोसा बढ़ा सकते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2025 12:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

