देश की खबरें | बिहार की गरिमा ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2022 में सफल रहे अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बक्सर/पटना, 23 मई बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2022 में सफल रहे अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राज्यपाल आर्लेकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस परीक्षा में पांच शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में प्रथम चार स्थानों पर बेटियां हैं। उन्होंने कहा कि बक्सर की गरिमा लोहिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त करके बिहार का गौरव बढ़ाया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा 2022 में सफल अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कुमार ने कहा कि इस बार संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष चार में लड़कियां ही रहीं हैं। उन्होंने शीर्ष चार में स्थान प्राप्त करने वाली इशिता किशोर, गरिमा लोहिया, उमा हरति एन. एवं स्मृति मिश्रा को विशेष तौर पर बधाई देते हुये कहा है कि यह बेहद खुशी की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बक्सर की गरिमा लोहिया ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त करके राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों की यह सफलता आधी आबादी को प्रेरणा प्रदान करेगी।

किरोड़ीमल कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक गरिमा ने अपने वैकल्पिक विषयों के रूप में वाणिज्य और लेखा के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। स्नातक पूरा करने के बाद उन्होंने तैयारी शुरू की। कोविड-19 के प्रकोप के बाद, वह अपने गृह नगर लौट आईं और अपनी तैयारी जारी रखी थी।

वर्ष 2015 में गरिमा के पिता का निधन हो गया था। उसके बाद, गरिमा की मां ने पूरे परिवार की देखभाल की। गरिमा ने दसवीं तक की पढ़ाई बक्सर में ही की। बाद में, वह अपनी उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए वाराणसी चली गईं। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में परीक्षा में सफलता हासिल की। बक्सर में पिपरपति रोड, बंगला घाट के पास स्थित उनके घर पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई देने के लिए सैकड़ों स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

गरिमा ने कहा, ‘‘मैं अपने बचपन के दिनों से यूपीएससी परीक्षा में शामिल होने के लिए उत्सुक थी। मुझे यकीन था कि मैं यूपीएससी परीक्षा ‘पास’ कर लूंगी, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दूसरा स्थान हासिल करूंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘स्नातक करने के बाद मैंने सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की। मेरी मां और परिवार के सदस्यों ने मेरी पूरी यात्रा में मेरा बहुत समर्थन किया।’’

गरिमा ने परिणाम की घोषणा के तुरंत बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपनी तैयारी काफी संतुलित रखी और तैयारी के दौरान वह ‘ब्रेक’ लेती थीं और अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलती थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रेरणा, स्वाध्याय और विश्लेषण किसी को भी परीक्षा में सफल बनाएंगे। यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए उचित मार्गदर्शन जरूरी है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप छोटे शहर या बड़े शहर में सिविल सेवाओं की तैयारी करते हैं। लेकिन मुझे एक बात जरूर कहनी चाहिए कि घर पर सिविल सेवा की तैयारी के कई फायदे हैं... मैंने दिन में लगभग 8-10 घंटे पढ़ाई की।’’

गरिमा ने कहा, ‘‘मैं सेवा में शामिल होने के बाद महिला सशक्तिकरण और शिक्षा क्षेत्र के लिए काम करना चाहूंगी। हमारा देश तेजी से विकास कर रहा है और इसमें काफी संभावनाएं हैं। मैं युवाओं के लिए काम करना चाहती हूं। हमारे देश के पास युवा शक्ति का खजाना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

मिडिल ईस्ट में बढ़ता संघर्ष: ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत से किया इनकार, 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के तहत सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

Jasprit Bumrah Stats In T20 World Cup Knockout Matches: टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में कुछ ऐसा रहा है जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन, यहां देखें घातक तेज गेंदबाज के आकंड़ें

India vs England, ICC T20 World Cup 2026 2nd Semi-Final Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

\