देश की खबरें | आतंक मुक्त और भय मुक्त जम्मू-कश्मीर सरकार का दृढ़ संकल्प: सिन्हा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि आतंक मुक्त और भय मुक्त जम्मू-कश्मीर सरकार का दृढ़ संकल्प है।
उधमपुर, सात जनवरी उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि आतंक मुक्त और भय मुक्त जम्मू-कश्मीर सरकार का दृढ़ संकल्प है।
उपराज्यपाल ने आगाह किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उपकरणों जैसी आधुनिक तकनीक ने सुरक्षा परिदृश्य को बदल दिया है और इस बात पर प्रकाश डाला कि गलत सूचना और ‘डीपफेक’ जैसी चुनौतियां प्रमुख चिंता का विषय बनी हुई हैं।
उन्होंने उधमपुर में पुलिस अकादमी में परिवीक्षाधीन पुलिस उपाधीक्षकों की पासिंग आउट परेड में भाग लेने के दौरान कहा, “ आतंक मुक्त और भय मुक्त जम्मू-कश्मीर हमारा संकल्प है। अभियानगत स्तर पर, हमने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय में सुधार किया है और आतंकवादी और अलगाववादी इको सिस्टम को खत्म करने के लिए पूरी सरकार ने समग्र रुख अपनाया है।”
उपराज्यपाल ने उत्तीर्ण होने वाले सभी 61 पुलिस अधिकारियों को बधाई दी तथा उनसे ईमानदारी, समर्पण और पेशेवर रुख के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “आज से राष्ट्र आपको आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने, आतंकवाद से निपटने, कानून के शासन को बनाए रखने और लोगों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपता है। मैं आपके हर मिशन में सफलता की कामना करता हूं।”
उपराज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के उन बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
सिन्हा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने और चुनौतियों का जवाब देने के लिए तकनीकी उपकरणों के प्रभावी उपयोग का आह्वान किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2025 10:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

