देश की खबरें | कंगना एवं जावेद अख्तर के बीच मानहानि का मामला सुलझा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने गीतकार जावेद अख्तर द्वारा उनके खिलाफ दायर करीब चार साल पुराने मानहानि मामले को शुक्रवार को मध्यस्थता के जरिए सुलझा लिया और पटकथा लेखक को हुई ‘‘असुविधा’’ के लिए माफी भी मांगी।
मुंबई, 28 फरवरी अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने गीतकार जावेद अख्तर द्वारा उनके खिलाफ दायर करीब चार साल पुराने मानहानि मामले को शुक्रवार को मध्यस्थता के जरिए सुलझा लिया और पटकथा लेखक को हुई ‘‘असुविधा’’ के लिए माफी भी मांगी।
भारतीय जनता पार्टी की सांसद रनौत और अख्तर शुक्रवार को यहां एक विशेष अदालत के समक्ष पेश हुए और एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई गई अपनी शिकायतों को वापस लेने के अपने फैसले से उसे अवगत कराया।
बाद में, अभिनेत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘इंटाग्राम’ पर अख्तर के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कानूनी मामला सुलझा लिया है।
अदालत शुक्रवार को बाद में इस मामले में औपचारिक आदेश पारित करेगी।
अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने गलतफहमी के कारण अख्तर के खिलाफ बयान दिया था और उन्होंने इसके कारण अख्तर को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी।
अख्तर ने 2020 में रनौत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अख्तर का आरोप है कि जुलाई 2020 में टेलीविजन पर प्रसारित एक साक्षात्कार के दौरान रनौत ने उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
अख्तर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि रनौत ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के बाद बॉलीवुड में मौजूद एक ‘‘गुट’’ का जिक्र करते हुए साक्षात्कार के दौरान उनका नाम घसीटा।
रनौत ने 2021 में मजिस्ट्रेट की अदालत में अख्तर के खिलाफ जवाबी शिकायत दर्ज कराई थी और उन पर आपराधिक धमकी देने एवं उनका अपमान करने का आरोप लगाया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि 2016 में अख्तर ने उनके आवास पर मुलाकात के दौरान उन्हें आपराधिक रूप से धमकाया और मांग की कि वह एक सह-कलाकार से माफी मांगें।
रनौत के वकील रिजवान सिद्दीकी और अख्तर के अधिवक्ता जय कुमार भारद्वाज ने बताया कि बांद्रा में एक विशेष मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष एक घंटे की मध्यस्थता के जरिए मामला सुलझा लिया गया।
भारद्वाज ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि रनौत ने मध्यस्थ के समक्ष कहा कि उन्होंने गलतफहमी के कारण यह बयान दिया था और उन्होंने इसे वापस लेने का फैसला किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2025 03:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

