देश की खबरें | महाराष्ट्र के पुरस्कार समारोह में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नवी मुंबई में ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह में लू लगने के बाद इलाज करा रहे 55 वर्षीय एक और व्यक्ति की मौत के साथ ही प्रचंड गर्मी की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है जबकि आठ मरीजों का उपचार चल रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 17 अप्रैल नवी मुंबई में ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह में लू लगने के बाद इलाज करा रहे 55 वर्षीय एक और व्यक्ति की मौत के साथ ही प्रचंड गर्मी की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है जबकि आठ मरीजों का उपचार चल रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मृतकों में नौ महिलाएं और चार पुरुष हैं।

रविवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खारघर इलाके में खुले मैदान में आयोजित ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सामाजिक कार्यकर्ता अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया था। कार्यक्रम में जुटे अधिकतर लोग सामाजिक कार्यकर्ता के अनुयायी थे।

पनवेल निगम आयुक्त (पीएमसी) गणेश देशमुख ने कहा, ‘‘सभी शवों की पहचान कर ली गई है और डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है। शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।’’

पीएमसी के उपायुक्त विठ्ठल डाके के अनुसार नवी मुंबई के कमोठे के एमजीएम अस्पताल में आठ मरीजों का इलाज जारी है जबकि 16 अन्य को छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा, “उपचाराधीन आठ मरीजों की हालत स्थिर है।”

मृतकों की पहचान महेश नारायण गायकर (42), जयश्री जगन्नाथ पाटिल (54), मंजूषा कृष्ण बोमडे (51), स्वप्निल सदाशिव केनी (30), तुलसीराम भाऊ वांगड (58), कलावती सिद्धराम व्याचल (46), भीम कृष्ण साल्वी (58), सविता संजय पवार (42), पुष्पा मदन गायकर (64), वंदना जगन्नाथ पाटिल (62), मीनाक्षी मोहन मिस्त्री, गुलाब बबन पाटिल (55) और विनायक हलदनकर (55) के तौर पर हुई है।

नवी मुंबई पुलिस की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान जब महिलाएं और बच्चे पीने के पानी की तलाश में थे, तो खारघर के एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अपनी टीम के साथ उनके लिए पानी ले गए।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि तीन दिन से पुलिस कर्मियों को कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास तैनात किया गया था और वे चिलचिलाती धूप के बावजूद कार्यक्रम के बाद भी वहीं डटे रहे। नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंभे कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मैदान में थे। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘कोई भगदड़ नहीं हुई।’’

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अत्यधिक गर्मी के कारण कई महिलाएं बेहोश हो गईं और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भीड़ के बीच मोटरसाइकिल पर बिठाकर चिकित्सा सहायता केंद्रों तक पहुंचाया और उनकी जान बचाई।

खारघर में 306 एकड़ में फैले मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग आए थे। घटनास्थल के सबसे नजदीकी मौसम विज्ञान केंद्र ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था।

महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने इस बात की जांच की मांग की है कि नवी मुंबई में दोपहर के समय जब तापमान बहुत अधिक होता है तो ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह का आयोजन कैसे किया गया।

धर्माधिकारी के पौधारोपण अभियान, रक्तदान और चिकित्सा शिविरों के साथ-साथ आदिवासी क्षेत्रों में नशामुक्ति कार्यों के कारण राज्य में बड़े पैमाने पर अनुयायी हैं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मौतों को ‘‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया था और कहा था कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

PBKS vs RCB, IPL 2026 61st Match Scorecard: धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स के सामने रखा 223 रनों का टारगेट, वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Winner Prediction: अरुण जेटली स्टेडियम में आज दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

DC vs RR Stats In IPL: आईपीएल इतिहास में एक दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आकंड़ें

Kerala Lottery Result: केरल लॉटरी समृद्धि SM-55 के परिणाम घोषित, यहां देखें विजेताओं की सूची लाइव