एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बस्ती में गन्ने के खेत से युवक का लहूलुहान शव बरामद, हत्या का आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक का लहूलुहान शव बरामद किया है जिसे हत्या करने के बाद एक गन्ने के खेत में छिपा दिया गया था।

देश की खबरें | बस्ती में गन्ने के खेत से युवक का लहूलुहान शव बरामद, हत्या का आरोपी गिरफ्तार

बस्ती (उप्र), दो जून बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक का लहूलुहान शव बरामद किया है जिसे हत्या करने के बाद एक गन्ने के खेत में छिपा दिया गया था।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी और कहा कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बरामद शव की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़ीकोल गांव निवासी ध्रुव चंद्र चौधरी (25) के रूप में हुई। ध्रुवचंद्र बीते शनिवार को रात 10 बजे घर से निकला था और उसके बाद से लापता है।

अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सोमवार शाम पत्रकारों को बताया कि थाना कप्तानगंज की पुलिस और एसओजी टीम (बस्ती) की संयुक्त कार्रवाई के तहत घटना के 12 घंटे के अन्दर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान रमई पाठक उर्फ राम बहादुर पाठक (55) के रूप में हुई जो बस्ती के अहिरौलिया गांव का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी रमई द्वारा बताया गया कि आपसी विवाद के कारण उसने डंडा व लात-घूसा से ध्रुवचंद के सिर पर मारा जिससे उसका सिर फट गया।

रमई ने पुलिस से कहा, ‘‘मारते समय डंडा का एक हिस्सा फट गया था। हम लोगों ने लगातार मारा और जब इत्मीनान हो गया कि ध्रुवचंद की मौत हो गयी है तो घर से रस्सी और एक बांस लाया। रस्सी के सहारे ध्रुवचंद का शव बांध कर रैयल गांव के गन्ने के खेत में ले जाकर छिपा दिया गया।’’

पुलिस ने बताया कि रात होने के कारण इस घटना को कोई नहीं देखा था, लेकिन इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता पायी गयी है।

पुलिस ने बताया कि इसके पहले काफी खोजबीन के बाद जब ध्रुवचंद का कहीं पता नहीं चल सका तो गांव के कुछ युवकों ने उसके मोबाइल फोने की ‘लोकेशन’ का पता लगाया जो पास के ही ग्राम रैय्यल में गन्ने के खेत में थी। जब लोग गन्ने के खेत में गए तो उसका शव पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनंदन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर परिजनों ने शक जाहिर किया है उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

सं आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 02, 2025 07:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).