एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बीआरएस की नेता के. कविता को भेजे गए समन की तारीख 10 दिन बढ़ाई जाएगी: ईडी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि वह दिल्ली आबकारी नीति मामले में बीआरएस की नेता के. कविता को जारी समन की तारीख 10 दिन बढ़ाएगा।

देश की खबरें | बीआरएस की नेता के. कविता को भेजे गए समन की तारीख 10 दिन बढ़ाई जाएगी: ईडी

नयी दिल्ली, 15 सितंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि वह दिल्ली आबकारी नीति मामले में बीआरएस की नेता के. कविता को जारी समन की तारीख 10 दिन बढ़ाएगा।

एजेंसी ने बृहस्पतिवार को कविता को समन जारी कर शुक्रवार को पेश होने के लिए कहा था।

ईडी की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल (एएसजी) एस. वी. राजू ने न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की पीठ को बताया कि कविता पहले ईडी के सामने पेश हुई थीं और अगर उन्हें कोई परेशानी है, तो समन की तारीख बढ़ा दी जाएगी।

राजू ने पीठ से कहा, “वह दो बार पेश हो चुकी हैं। अगर वह व्यस्त हैं तो हम 10 दिन और बढ़ा देंगे।”

कविता की ओर से पेश वकील ने पीठ को बताया कि उन्हें शुक्रवार को ही बुलाया गया है।

जब पीठ ने मामले की सुनवाई 26 सितंबर को तय की, तो कविता के वकील ने अपील की कि समन को तब तक के लिए टाल दिया जाना चाहिए।

न्यायमूर्ति कौल ने राजू से पूछा, “क्या मुझे इसे रिकॉर्ड करने की जरूरत है या आप इसे कर देंगे?”

एएसजी ने कहा, “हम कर लेंगे।”

शीर्ष अदालत भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता कविता की याचिका पर सुनवाई कर रही थी जिसमें उन्होंने मामले में ईडी के समन को चुनौती देने और गिरफ्तारी से सुरक्षा का अनुरोध किया है।

कविता ने बृहस्पतिवार को कहा था कि मामले में उन्हें जारी किया गया ईडी का नोटिस राजनीति से प्रेरित है और पार्टी की कानूनी टीम इस बारे में भविष्य की कार्रवाई तय करेगी।

ईडी ने कुछ अनियमितताओं में कथित संलिप्तता के मामले में पूछताछ के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता को शुक्रवार को अपने दिल्ली कार्यालय में बुलाया था।

15 मार्च को शीर्ष अदालत कविता की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत जताई थी।

वह इससे पहले मार्च में ईडी के सामने पेश हुई थीं। कविता ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2023 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).