देश की खबरें | देश की संपत्ति एक-एक कर बेची जा रही, जिससे बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी है: बघेल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कहा कि देश की संपत्ति एक-एक कर बेची जा रही है, जिससे बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी है।

रायपुर, 30 जुलाई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कहा कि देश की संपत्ति एक-एक कर बेची जा रही है, जिससे बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी है।

बघेल ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 में आम चुनाव के दौरान विकास के ‘गुजरात मॉडल’ की चर्चा थी, अब वह गायब हो गया है।

कांग्रेस की एक शाखा, अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस (एआईपीसी) के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के लोगों की न्यूनतम जरूरत के साथ-साथ न्यूनतम आय सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

बघेल ने कहा, ''2014 के लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात मॉडल के बारे में बहुत बात हुई थी, लेकिन इसके बारे में अब कोई भी बात नहीं करता है। गुजरात मॉडल को क्या हो गया है, पूरा देश देख रहा है। हम (देश के लोग) इस मॉडल का खामियाजा भुगत रहे हैं।''

उन्होंने कहा कि देश की सारी संपत्ति एक-एक करके बेची जा रही है जिसके परिणामस्वरूप बेरोजगारी, गरीबी और कुपोषण में वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने लोगों की न्यूनतम आय और न्यूनतम जरूरतों को कैसे पूरा किया जाए, इस पर ध्यान केंद्रित किया है।

बघेल ने कहा कि वर्ष 2018 में राहुल गांधी जी ने न्याय योजना के बारे में बात की थी जिसके तहत कहा गया था कि लोगों को न्यूनतम आय मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल जी ने वर्ष 2019 के आम चुनाव के दौरान प्रति परिवार 72 हजार देने की बात कही थी।

बघेल के मुताबिक चुनाव के दौरान लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और भावनात्मक मुद्दों की ओर रुख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''हमारी छत्तीसगढ़ सरकार ने न्यूनतम आय के साथ-साथ न्यूनतम जरूरतों पर ध्यान केंद्रित किया है। अगर लोगों की जेब में पैसा डाला जाता है तो वह इसे उपभोक्ता के रूप में खर्च करता है। यह बाजार को मजबूत तो कर सकता है लेकिन लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त नहीं कर सकता। हमारे राज्य में हमने लोगों तक भोजन, आवास, शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता जैसी न्यूनतम जरूरतों पर भी ध्यान केंद्रित किया है।''

उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि ऋण माफ किया गया और किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत नौ हजार रुपये प्रति एकड़ प्रदान किया जा रहा है।

बघेल ने इस दौरान अपनी सरकार की महत्वाकांक्षी नरवा-गरवा-घुरवा-बारी (नहर, गाय, खाद के लिए बनाया गया गड्ढा और सब्जी उद्यान) के बारे में भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''भाजपा ने गोबर खरीद के लिए हमारा मजाक उड़ाया। लेकिन इस योजना ने न केवल पशुपालन को व्यावसायिक रूप से लाभदायक बना दिया, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया है। हम गांवों में उत्पादक और उपभोक्ता दोनों पैदा कर रहे हैं।''

संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बघेल ने कहा कि देश की संपत्ति बेचना शायद गुजरात मॉडल है, लेकिन सभी को रोजगार देना छत्तीसगढ़ मॉडल है।

इस अवसर पर एआईपीसी के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सभी को एक साथ लाने और समाज के हर वर्ग की प्रगति में विश्वास करती है।

थरूर ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास ऐसे मूल्य हैं जिसमें समावेशी भारत के मूल्य शामिल हैं। एक ऐसा भारत जो जाति, पंथ, धर्म और के विभाजन से परे दिखता है और हम सभी को एक रूप में देखता है। यह एक ऐसा भारत है जहां आप दलित-ब्राह्मण तथा अमीर-गरीब के भेद से परे देखना चाहते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Nepal Bus Accident: नेपाल में भीषण सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 6 महिलाओं समेत 17 की मौत; दिल दहला देने वाला VIDEO आया सामने

Weather Forecast Today: उत्तर भारत में बढ़ने लगा पारा, केरल, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट; जानें दिल्ली और मुंबई में 23 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम

Zimbabwe vs West Indies, T20 World Cup 2026 44th Match Weather Update: जिम्बाब्वे बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले में बारिश डालेगी खलल या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मुंबई के मौसम का हाल

India vs South Africa, T20 World Cup 2026 43rd Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया 76 रनों से दी करारी शिकस्त, मार्को जानसन ने चटकाए 4 विकेट; यहां देखें IND बनाम SA मैच का स्कोरकार्ड

\