देश की खबरें | देश में इस साल एक दिन में सर्वाधिक 59,118 नए मामले आए सामने
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 59,118 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,18,46,652 हो गई। इस साल एक दिन में सामने आए यह सर्वाधिक मामले हैं।
नयी दिल्ली, 26 मार्च भारत में एक दिन में कोविड-19 के 59,118 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,18,46,652 हो गई। इस साल एक दिन में सामने आए यह सर्वाधिक मामले हैं।
आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 18 अक्टूबर 2020 को 24 घंटे में संक्रमण के सर्वाधिक 61,871 नए मामले सामने आए थे।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी करीब साढ़े तीन महीने बाद चार लाख के पार पहुंच गई है।
आंकड़ों के अनुसार, लगातार 16वें दिन वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी के साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,21,066 हो गई, जो कुल मामलों का 3.55 प्रतिशत है। वहीं, 24 घंटे में 257 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,60,949 हो गई।
आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल 1,12,64,637 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। हालांकि, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर में और गिरावट आई है और अब वह 95.09 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.36 प्रतिशत है।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।
वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख रहे और 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार चले गए थे।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 25 मार्च तक 23,86,04,638 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 11,00,756 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई थी।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 257 लोगों की मौत वायरस से हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 111, पंजाब के 43, छत्तीसगढ़ के 15, केरल के 12, तमिलनाडु के 11 और कर्नाटक के 10 लोग थे।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक कुल 1,60,949 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 53,795, तमिलनाडु के 12,641, कर्नाटक के 12,471, दिल्ली के 10,978, पश्चिम बंगाल के 10,316, उत्तर प्रदेश के 8,773, आंध्र प्रदेश के 7,201 और पंजाब के 6,517 लोग थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं।
मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 26, 2021 11:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

