एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस उत्तर भारतीयों को साधने के लिए शुरू करेगी ‘मुंबई विरासत मिलन’ अभियान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की मुंबई इकाई ने शनिवार को शहर में उत्तर भारतीयों को संगठित करने और महानगर के विकास में उनके योगदान को रेखांकित करने के साथ-साथ पार्टी के उनके साथ ‘घनिष्ठ संबंध’ को उजागर करने के लिए ‘मुंबई विरासत मिलन’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। यह कदम महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों से पहले उठाया गया है।

देश की खबरें | निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस उत्तर भारतीयों को साधने के लिए शुरू करेगी ‘मुंबई विरासत मिलन’ अभियान

मुंबई, 19 जुलाई कांग्रेस की मुंबई इकाई ने शनिवार को शहर में उत्तर भारतीयों को संगठित करने और महानगर के विकास में उनके योगदान को रेखांकित करने के साथ-साथ पार्टी के उनके साथ ‘घनिष्ठ संबंध’ को उजागर करने के लिए ‘मुंबई विरासत मिलन’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। यह कदम महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों से पहले उठाया गया है।

कांग्रेस ने यह पहल महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और शिवसेना (उबाठा) द्वारा कथित तौर पर हिंदी थोपे जाने के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने और मराठी नहीं बोल पाने वालों विशेषकर उत्तर भारतीयों पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की ओर से हमले की घटनाओं के मद्देनजर की है।

कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के ‘मुंबई विरासत मिलन’ अभियान का उद्देश्य समुदाय के साथ अपने दीर्घकालिक संबंधों की पुष्टि करना, उनके मुद्दों को उठाना और संगठनात्मक ताकत का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस हमेशा से मुंबई में उत्तर भारतीय लोगों की प्रबल समर्थक रही है और नया अभियान जमीनी स्तर पर समुदाय को फिर से जोड़ने और संगठित करने का काम करेगा। मुंबई के उत्तर भारतीय समुदाय और कांग्रेस के बीच घनिष्ठ संबंध हैं।’’

मुंबई उत्तर मध्य निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य गायकवाड़ ने कहा, ‘‘आज भी, जब कुछ ताकतें उत्तर भारतीयों के खिलाफ नफरत फैलाने का प्रयास करती हैं, कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।’’

उन्होंने बताया कि पार्टी के उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ द्वारा शुरू किए गए इस अभियान में मुंबई के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रम शामिल होंगे।

गायकवाड़ ने बताया कि इसका उद्देश्य उत्तर भारतीय समुदाय से जुड़े प्रमुख स्थानों को उजागर करना, उनकी सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना और लोगों को कांग्रेस पार्टी के इस समुदाय के साथ लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव के बारे में जागरूक करना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2025 09:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).