देश की खबरें | ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की सराहना की, कहा- भारत एकजुट है

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की और कहा कि पूरा देश अपने वीर सैनिकों के साथ है।

भुवनेश्वर, सात मई ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की और कहा कि पूरा देश अपने वीर सैनिकों के साथ है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में ‘‘जय हिंद’’ लिखकर सशस्त्र बलों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री माझी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत एकजुट है। 'आपरेशन सिंदूर' में हमारे वीर सशस्त्र बलों द्वारा दिखाई गई सटीकता और संकल्प को सलाम करता हूं। आतंकवाद पर हर वार एक संदेश है कि हम अपनी संप्रभुता को चुनौती देने वाले किसी भी प्रकार के खतरे को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा 26 नागरिकों की हत्या किए जाने के दो सप्ताह बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बुधवार तड़के पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले किए। इन ठिकानों में जैश-ए-मोहम्मद का बहावलपुर स्थित गढ़ और लश्कर-ए-तैयबा का मुरिदके स्थित अड्डा भी शामिल है।

एक अन्य पोस्ट में माझी ने लिखा, ‘‘हमारी संस्कृति में 'सिंदूर' केवल परंपरा नहीं है बल्कि बलिदान और संकल्प का प्रतीक भी है। यही भावना हमारे सैनिकों के मन में भी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत अब केवल अपनी रक्षा ही नहीं कर रहा, बल्कि आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हम सेना के साहस की सराहना करते हैं। हम सेना के साथ हैं। हमें सेना की जीत पर विश्वास है। जय हिंद! वंदे मातरम्!’’

दिल्ली में मौजूद पटनायक ने कहा, ‘‘मुझे जानकारी मिली है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में सफलता प्राप्त की है। मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\