देश की खबरें | दिल्ली की मुख्यमंत्री ने देशभक्ति के प्रति उनकी सरकार पर सवाल उठाने के लिए ‘आप’ पर निशाना साधा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को शहीद दिवस के मौके पर मालवीय नगर के एक पार्क में भगत सिंह की एक नयी प्रतिमा का अनावरण किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की देशभक्ति के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल उठाने के लिए विपक्ष की आलोचना की।

नयी दिल्ली, 23 मार्च दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को शहीद दिवस के मौके पर मालवीय नगर के एक पार्क में भगत सिंह की एक नयी प्रतिमा का अनावरण किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की देशभक्ति के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल उठाने के लिए विपक्ष की आलोचना की।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने याद दिलाया कैसे आम आदमी पार्टी (आप) ने पहले भाजपा के सत्ता में आने के बाद भगत सिंह की तस्वीर को लेकर हंगामा किया था।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (आप) सवाल उठाया, लेकिन जब भगत सिंह की प्रतिमा को तोड़ा गया तो उन्होंने इसकी मरम्मत के बारे में कभी बात नहीं की। तब उनकी देशभक्ति कहां थी? आज शहीद दिवस पर, हमने एक नयी प्रतिमा स्थापित की है, क्योंकि हम वास्तव में अपने राष्ट्रीय नायकों का सम्मान करते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘यह मेरे लिए बहुत खास अवसर है क्योंकि मेरे जीवन के दो महत्वपूर्ण लोग मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय और नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, ‘‘यहां मौजूद हैं’’।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बांसुरी से कहना चाहती हूं कि पूर्व मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें अभी बहुत काम करना है।’’

मालवीय नगर के इसी पार्क में पिछले माह भगत सिंह की क्षतिग्रस्त प्रतिमा को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

उपाध्याय ने ‘आप’ विधायक पर प्रतिमा की हालात की अनदेखी करने का आरोप लगाया था।

‘आप’ ने पहले भाजपा सरकार पर सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से भगत सिंह और बीआर आंबेडकर की तस्वीरें हटाने का आरोप लगाया था।

हालांकि, भाजपा ने आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि ‘आप’ अपने नेताओं के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान हटाने के लिए ऐसा कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\